– खरीफ महाअभियान को लेकर प्रशिक्षण कार्यक्रम की हुई शुरुआत
कृषि विभाग परिसर में गुरुवार को शारदीय खरीफ महाअभियान-2026 के तहत जिलास्तरीय कर्मशाला सह प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में डीडीसी प्रदीप कुमार सिंह ने कहा कि शारदीय (खरीफ) महाभियान के माध्यम से जिले के सभी पंचायतों में कार्यक्रम आयोजित कर किसानों को प्रशिक्षण दिया जाना है. किसानों को केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं से अवगत कराने के साथ खाद्य सुरक्षा की चुनौतियों के प्रति सजग करना है.डीडीसी ने कहा कि इस परिप्रेक्ष्य में शारदीय महाभियान महत्वपूर्ण कार्यक्रम है. इस समय में ऐसे फसल एवं तकनीक का चयन किया जाए, जिससे कम जमीन में अधिक उत्पादन मिले. उन्होंने कहा कि किसानों को जलवायु अनुकूल खेती कार्यक्रम, मोटे अनाज की खेती, शारदीय मक्का की खेती, बेबी कॉर्न, स्वीट कॉर्न, शारदीय दलहन की खेती के प्रति प्रेरित किया जाना चाहिए. बतौर प्रभारी जिलाधिकारी डीडीसी ने कृषि विभाग को निर्देश दिया गया कि आत्मा के तहत जो प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाया जाता है उस कार्यक्रम में जिले के हर प्रखंड एवं पंचायत से किसानों को चिन्हित कर राज्य के बादर नवीनतम तकनीक सीखने के लिए भेजा जाये. इस मौके पर जिला कृषि पदाधिकारी प्रेम शंकर प्रसाद ने कहा कि खेत बचाओ अभियान अंतर्गत किसानों को जागरूक करना है.
कार्यक्रम में नाबार्ड की जिला विकास प्रबंधक अर्चना प्रिया, यूको बैंक के अग्रणी जिला प्रबंधक शैलेश गुप्ता, अनुमंडल कृषि पदाधिकारी डॉ हेमलता कुमारी, कृषि वैज्ञानिक सरोज कुमार यादव ने उपस्थित लोगोंं को विविध जानकारी दी. कार्यक्रम की शुरुआत आत्मा के परियोजना उपनिदेशक प्रभात कुमार सिंह ने किया.आत्मा के परियोजना उपनिदेशक बिपुल कुमार के द्वारा धन्यवाद ज्ञापन किया गया.