जुलाई में भागलपुर को मिलेगी 25 इलेक्ट्रिक बसें, चार्जिंग स्टेशन निर्माण कार्य में तेजी

Bhagalpur Electric Bus: भागलपुर को कुल 50 इलेक्ट्रिक बसें आवंटित की गई हैं. इनमें से पहले चरण में 25 बसें जिले को मिलेंगी. इन बसों के शुरू होने से शहरवासियों को आधुनिक, आरामदायक और प्रदूषण मुक्त सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी.

भागलपुर से ललित किशोर मिश्र की रिपोर्ट:

Bhagalpur Electric Bus: स्मार्ट सिटी भागलपुर में जल्द ही इलेक्ट्रिक बसों का परिचालन शुरू होने जा रहा है. इसके लिए सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर ली गई हैं. बिहार राज्य पथ परिवहन निगम की ओर से पहले चरण में भागलपुर को 25 इलेक्ट्रिक बसें उपलब्ध कराई जाएंगी. संभावना है कि जुलाई महीने में इन बसों का परिचालन शुरू हो जाएगा.

भागलपुर को पहले चरण में मिलेंगी 25 बसें

जानकारी के अनुसार भागलपुर को कुल 50 इलेक्ट्रिक बसें आवंटित की गई हैं. इनमें से पहले चरण में 25 बसें जिले को मिलेंगी. इन बसों के शुरू होने से शहरवासियों को आधुनिक, आरामदायक और प्रदूषण मुक्त सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी.

तेजी से बन रहा चार्जिंग स्टेशन

इलेक्ट्रिक बसों के संचालन को लेकर भागलपुर पथ परिवहन निगम परिसर में चार्जिंग स्टेशन का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है. यहां 10 चार्जिंग प्वाइंट विकसित किए जा रहे हैं. फिलहाल चार्जिंग स्टेशन के लिए प्लेटफॉर्म निर्माण का कार्य जारी है.

निर्माण कार्य पूरा होने के बाद शेड और अत्याधुनिक चार्जिंग मशीनें स्थापित की जाएंगी. एक समय में 10 बसों को एक साथ चार्ज करने की सुविधा उपलब्ध होगी.

एक बार चार्ज होने पर 180 किलोमीटर चलेगी बस

पथ परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक अमित कुमार ने बताया कि इलेक्ट्रिक बसें एक बार पूर्ण रूप से चार्ज होने पर लगभग 180 किलोमीटर तक का सफर तय कर सकेंगी. इससे शहर और आसपास के क्षेत्रों में यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी.

पटना पहुंच चुकी हैं बसें

क्षेत्रीय प्रबंधक ने बताया कि इलेक्ट्रिक बसों की खेप पटना पहुंच चुकी है. जिन जिलों में चार्जिंग स्टेशन का निर्माण पूरा हो चुका है, वहां चरणबद्ध तरीके से बसें भेजी जा रही हैं. वर्तमान में बिहार के लिए लगभग 200 इलेक्ट्रिक बसें आई हैं, जिनमें से भागलपुर को 50 बसें आवंटित की गई हैं.

प्रदूषण नियंत्रण और बेहतर परिवहन को मिलेगा बढ़ावा

इलेक्ट्रिक बसों के परिचालन से शहर में प्रदूषण कम करने के साथ-साथ सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी. यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और पर्यावरण अनुकूल यात्रा का विकल्प उपलब्ध होगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Shruti Kumari

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >