भागलपुर जिला विधिज्ञ संघ चुनाव : सुबह नौ बजे से मतदान शुरू, 2,972 मतदाता तय करेंगे 96 प्रत्याशियों का भविष्य

Bhagalpur DBA Election 2026 : भागलपुर जिला विधिज्ञ संघ (डीबीए) के प्रबंधकारिणी सत्र 2026-28 के लिए चुनाव प्रक्रिया शुरू हो गई है. 2,972 मतदाता 96 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे. इस बार पहली बार पेन से वोटिंग कराई जा रही है.

Bhagalpur DBA Election 2026: भागलपुर जिला विधिज्ञ संघ (डीबीए) की प्रबंधकारिणी सत्र 2026-28 के चुनाव के लिए बुधवार को शांतिपूर्ण माहौल में मतदान शुरू हुआ. सुबह से ही सिविल कोर्ट परिसर में चुनावी हलचल तेज रही. शुरुआती घंटों में मतदान की रफ्तार धीमी रही, लेकिन दोपहर बाद मतदान प्रतिशत बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है.

सुबह 11:30 बजे तक 35 प्रतिशत मतदान

जिला विधिज्ञ संघ भवन परिसर में सुबह नौ बजे से मतदान शुरू हुआ. सुबह 11:30 बजे तक करीब 35 प्रतिशत अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर लिया था. मतदान शाम 4:30 बजे तक जारी रहेगा. मतदान केंद्रों पर अधिवक्ताओं की लगातार आवाजाही बनी रही और चुनाव को लेकर उत्साह का माहौल देखने को मिला.

2,972 मतदाता करेंगे 96 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला

इस बार के चुनाव में कुल 2,972 अधिवक्ता मतदाता 32 पदों के लिए चुनाव मैदान में उतरे 96 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे. अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महासचिव, संयुक्त सचिव, सहायक सचिव, कोषाध्यक्ष, वरीय सदस्य, अंकेक्षक, कार्यकारिणी सदस्य, पुस्तकालय समिति सदस्य और निगरानी समिति सदस्य सहित विभिन्न पदों के लिए मतदान हो रहा है.

सबसे अधिक नजर अध्यक्ष पद के मुकाबले पर है, जहां छह उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं. अन्य प्रमुख पदों पर भी कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है.

पहली बार पेन से हो रही वोटिंग

निर्वाचन प्रक्रिया के लिए कुल आठ मतदान केंद्र बनाए गए हैं. निर्वाचन पदाधिकारी मो. शमसुद्दीन की देखरेख में चुनाव कराया जा रहा है. इस बार जिला विधिज्ञ संघ चुनाव में पहली बार पारंपरिक मुहर की जगह पेन से मतदान कराया जा रहा है. निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव के लिए सुरक्षा के भी पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं.

निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि मतदान पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से चल रहा है और मतगणना की तिथि बाद में घोषित की जाएगी.

सुबह रही धीमी रफ्तार, दोपहर बाद बढ़ने की उम्मीद

सुबह 10 बजे तक मतदान की रफ्तार अपेक्षाकृत धीमी रही और लगभग 5 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था. हालांकि 11:30 बजे तक मतदान प्रतिशत बढ़कर करीब 35 प्रतिशत पहुंच गया. चुनाव अधिकारियों का मानना है कि पूर्व के चुनावों की तरह इस बार भी दोपहर बाद अधिक संख्या में अधिवक्ता मतदान के लिए पहुंचेंगे.

कोर्ट परिसर में दिखी चुनावी सरगर्मी

मतदान शुरू होने के साथ ही सिविल कोर्ट परिसर चुनावी गतिविधियों का केंद्र बन गया. प्रत्याशी और उनके समर्थक मतदाताओं से संपर्क कर अपने पक्ष में मतदान की अपील करते नजर आए. अधिवक्ताओं के बीच भी पूरे दिन चुनाव को लेकर चर्चा का माहौल बना रहा.

निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी अधिवक्ताओं से निर्भीक होकर मतदान करने की अपील की है. देर शाम तक मतदान प्रतिशत में उल्लेखनीय वृद्धि होने की संभावना जताई जा रही है.

Also Read: भागलपुर में चौंकाने वाली खोज, सैंडिस कंपाउंड के जिस पत्थर पर लोग बैठते थे वह निकला दुर्लभ ट्री फॉसिल


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Prabhat khabar news desk

Published by: Amit Kr Sinha

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >