भागलपुर में आज निकलेगा जुलूस-ए-मोहम्मदी, मुए-ए-मुबारक की होगी जियारत

भागलपुर में आज बारहवीं शरीफ का पर्व मनाया जा रहा है. मुस्लिम मोहल्लों में खास उत्साह है, आज जुलूस-ए-मोहम्मदी निकलेगा. खानकाह-ए-शहबाजिया में विशेष कार्यक्रम और हजरत पैगंबर साहब के मुए-ए-मुबारक की जियारत का आयोजन होगा.

Barahvi Sharif 2026: भागलपुर में हजरत पैगंबर साहब के जन्मदिवस यानी बारहवीं शरीफ को लेकर भागलपुर के मुस्लिम मोहल्लों में तैयारियां पूरी हो गयी हैं. बुधवार को शहर के विभिन्न इलाकों से जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला जायेगा. मस्जिदों और घरों में इबादत के साथ ईद-मिलादुन्नबी के आयोजन होंगे. वहीं खानकाह-ए-शहबाजिया में विशेष कार्यक्रम और हजरत पैगंबर साहब के मुए-ए-मुबारक की जियारत करायी जायेगी.

बारहवीं शरीफ को लेकर शहर के मुस्लिम मोहल्लों में पिछले कई दिनों से तैयारियां चल रही हैं. घरों और आसपास के इलाकों की साफ-सफाई की जा रही है. मस्जिदों और खानकाहों को भी आयोजन के लिए तैयार किया गया है. बच्चों और युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है.

हरे झंडे और टोपियों से गुलजार हुए बाजार

बारहवीं शरीफ को लेकर बाजारों में भी रौनक बढ़ गयी है. हरे रंग के झंडे, हरी टोपी और बैच की बिक्री तेज हो गयी है. तातारपुर चौक, चमेलीचक, हबीबपुर, बरहपुरा, भीखनपुर, जब्बारचक, मोजाहिदपुर, मौलानाचक, शाहजंगी, हुसैनपुर, खंजरपुर, बरारी, इशाकचक और हुसैनाबाद समेत कई मुस्लिम मोहल्लों में इन सामानों की खरीदारी की जा रही है.

खासकर बच्चे और युवा जुलूस में शामिल होने के लिए हरे झंडे और टोपियां खरीद रहे हैं. इससे स्थानीय बाजारों में भी चहल-पहल बढ़ गयी है.

पैगंबर साहब के संदेश को याद करने का दिन

बरहपुरा जामा मस्जिद के इमाम मौलाना कुदरतउल्लाह ने कहा कि हजरत पैगंबर साहब की आमद पूरी इंसानियत के लिए थी. उन्होंने दुनिया को अमन, शांति और भाईचारे का संदेश दिया.

उन्होंने कहा कि पैगंबर साहब ने बुराई का रास्ता छोड़कर नेक काम करने और महिलाओं को सम्मान देने का संदेश दिया. बारहवीं शरीफ के आयोजन का उद्देश्य उनके संदेश और शिक्षाओं को याद करना भी है.

बरहपुरा से हुसैनपुर तक होंगे ईद-मिलादुन्नबी के आयोजन

पैगंबर साहब के जन्मदिवस के मौके पर बरहपुरा, हुसैनपुर, तातारपुर, हबीबपुर समेत शहर के विभिन्न मुस्लिम मोहल्लों में ईद-मिलादुन्नबी का आयोजन होगा.

बरहपुरा जामा मस्जिद के इमाम हाफीज कुदरत उल्लाह ने बताया कि गुरुवार को जोहर की नमाज के बाद मस्जिद में ईद-मिलादुन्नबी का आयोजन किया जायेगा. वहीं समाजसेवी महबूब आलम ने बताया कि गौसिया मस्जिद, हुसैनपुर में इशा की नमाज के बाद ईद-मिलादुन्नबी आयोजित होगी.

खानकाह में होगी विशेष जियारत

खानकाह-ए-शहबाजिया में भी बारहवीं शरीफ को लेकर विशेष कार्यक्रम होंगे. बुधवार सुबह नौ से 10 बजे तक कुरानखानी होगी. इसके बाद दिन में 11 बजे खानकाह में जश्न-ए-मिलादुन्नबी का आयोजन किया जायेगा.

रात नौ बजे खानकाह स्थित नक्श-ए-कदम रसूल को गुस्ल दिया जायेगा. इसके बाद शाहजहानी मस्जिद में हजरत पैगंबर साहब के मुए-ए-मुबारक की जियारत करायी जायेगी.

यह आयोजन श्रद्धालुओं के लिए विशेष धार्मिक महत्व रखता है. जियारत के लिए बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है.

दोपहर तक खानकाह पहुंचेंगे जुलूस

शहर के विभिन्न मुस्लिम मोहल्लों से जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला जायेगा. जुलूस को लेकर खानकाह की ओर से भी अपील जारी की गयी है.

खानकाह के सज्जादानशीन सैयद शाह इंतेखाब आलम शहबाजी ने जुलूस में शामिल लोगों से संयम और अदब के साथ चलने की अपील की है. उन्होंने कहा कि जुलूस में डीजे का इस्तेमाल नहीं किया जाये. माइक और लाउडस्पीकर का ही उपयोग किया जाये तथा उसकी तीव्रता 70 से 75 के बीच रखी जाये.

उन्होंने जुलूस में नातिया कलाम और दरूद पढ़ने तथा गैर जरूरी नारेबाजी से बचने की अपील की है.

Barahvi Sharif 2026: 12.30 बजे होगी विशेष दुआ

तय कार्यक्रम के अनुसार विभिन्न मोहल्लों से निकलने वाले जुलूस दोपहर 12 बजे तक खानकाह पहुंचेंगे. इसके बाद दोपहर 12.30 बजे विशेष दुआ होगी.

बारहवीं शरीफ को लेकर प्रशासन और स्थानीय स्तर पर भी जुलूस के शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर तैयारियां की गयी हैं. आयोजन में शामिल लोगों से निर्धारित मार्ग और अनुशासन का पालन करने की अपील की गयी है, ताकि धार्मिक कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके.

Also Read: Patna Student Protest : वाटर कैनन के सामने शैंपू लगाकर प्रदर्शनकारियों का 'रेन डांस', हंगामा-लाठीचार्ज में महिला पुलिसकर्मी-छात्रा घायल

Also Read: 'प्लीज छोड़ दीजिए सर', ट्रेनी डीएसपी के थप्पड़ मारने के बाद पुलिसकर्मी के पैरों में गिरा छात्र, देखें तस्वीरें



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By आरफीन जुबैर

आरफीन जुबैर प्रिंट माध्यम में पिछले 16 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. प्रभात खबर के भागलपुर कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा और खेल में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >