Bhagalpur news बाबा अजगैवीनाथ बने दूल्हा, सुलतानगंज बना बाराती

महाशिवरात्रि पर रविवार को सुलतानगंज की धरती शिवभक्ति से सराबोर हो उठी. अजगैवीनाथ मंदिर से निकली बाबा अजगैवीनाथ की भव्य बरात ने पूरे नगर को उत्सव में बदल दिया.

महाशिवरात्रि पर रविवार को सुलतानगंज की धरती शिवभक्ति से सराबोर हो उठी. अजगैवीनाथ मंदिर से निकली बाबा अजगैवीनाथ की भव्य बरात ने पूरे नगर को उत्सव में बदल दिया. किसी को भांग का नशा है, मुझे तेरा नशा है, भोलेनाथ की शादी है नाचेंगे… जैसे शिवभक्ति गीतों पर झूमते हजारों श्रद्धालु, मानो स्वयं बाबा की बारात के साक्षी नहीं बल्कि सहभागी बन गये.

हजारों की भीड़, एक किलोमीटर लंबी बरात

रविवार दोपहर बाद बाबा अजगैवीनाथ को दूल्हा स्वरूप में आकर्षक शिव प्रतिमा को सजाया गया. घोड़ा, बैलगाड़ी, ढोल-नगाड़ा, शंख, घंटा और गाजे-बाजे के साथ बरात मंदिर प्रांगण से निकलकर स्टेशन रोड, कृष्णगढ़ मोड़, अपर रोड, थाना रोड होते अबजूगंज तक गयी. लगभग एक किलोमीटर लंबी बारात में हजारों लोग बाराती बनकर नाचते-गाते चल रहे थे. श्री पंचदशनाम जूना अखाड़ा अजगैवीनाथ मंदिर के स्थानापति महंत प्रेमानंद गिरि पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं को आशीर्वाद और प्रसाद देते बारात के साथ चलते रहे. बारात में धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक संदेश देती 65 से अधिक झांकियां शामिल रहीं. शिव तांडव, अघौड़ी नृत्य, शनिदेव, बजरंगबली, सती कथा, छठ पूजा, सीता हरण, पूतना वध, श्रीकृष्ण-राधा, मां दुर्गा के नौ रूप, श्रीराम-सीता-लक्ष्मण, भारत माता, नशा मुक्त बिहार जैसी झांकियों ने लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया. पहली बार प्रेमानंद महाराज अपने शिष्य के साथ पैदल चल रहे झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रहा. पहली बार मुख्य चौक पर महाआरती की गयी. बरात में 45 स्थायी, 20 चलंत झांकियां, 50 घोड़े और 25 बैलगाड़ियां शामिल थीं.

सांस्कृतिक संध्या में भक्ति का रंग

देर शाम मंदिर परिसर के समीप आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रसिद्ध लोकगायक सुनील छैला बिहारी ने एक से बढ़कर एक भक्ति गीत प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया. बारात में सिटी एसपी शैलेंद्र सिंह, विधि-व्यवस्था डीएसपी नवनीत कुमार, थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार, बीडीओ संजीव कुमार सहित कई प्रशासनिक अधिकारी भ्रमणशील रहे. सिटी एसपी ने बताया कि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये थे. अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती रही और पूरे आयोजन को शांतिपूर्ण व अनुशासित ढंग से संपन्न कराया गया. बारात से पूर्व अजगैवीनाथ मंदिर के समीप एसपी सिंगला कंस्ट्रक्शन कंपनी की ओर से नया धर्मध्वजा लगाया गया. नप मुख्य पार्षद राजकुमार गुड्डू, बीडीओ संजीव कुमार, थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि व गणमान्य लोग उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: JITENDRA TOMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >