भागलपुर रेलवे स्टेशन के एलसी गेट के पास से जीआरपी थाना की टीम ने जिला एसटीएफ के सहयोग से 15 हजार रुपये के इनामी अपराधी अशरफ को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार अशरफ कुख्यात नाड़ा मियां का मुख्य सहयोगी रहा है और कई आपराधिक मामलों में फरार चल रहा था.
अशरफ की गिरफ्तारी के लिए आरपीएफ थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर नसीम अहमद की ओर से भी निगरानी और कार्रवाई की जा रही थी. गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस और एसटीएफ की टीम ने एलसी गेट के पास घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार किया.
हथियार सहित कई मामलों में थी तलाश
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अशरफ के खिलाफ हथियार से संबंधित मामले समेत कई आपराधिक मामले दर्ज हैं. वह छिनतई और चोरी समेत अन्य घटनाओं में भी पुलिस की तलाश में था. पुलिस को आशंका है कि वह गिरोह बनाकर रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने में शामिल रहा है.
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उससे पूछताछ शुरू कर दी है. उसके आपराधिक इतिहास और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों के बारे में भी जानकारी जुटायी जा रही है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी.
