Bhagalpur News: वर्षों से बंद पड़ी दो एंबुलेंस में लगी आग, सदर अस्पताल में अफरातफरी

वर्षों से बंद पड़ी दो एंबुलेंस में लगी आग, सदर अस्पताल में अफरातफरी

सदर अस्पताल परिसर में वर्षों से खराब पड़ी दो एंबुलेंस में सोमवार को सुबह 11.30 बजे आग लग गयी. जल रहे वाहनों से काफी तेज लपटें उठ रही थी. इससे पूरा सदर अस्पताल परिसर व घंटाघर चौक काले धुएं के गुबार से ढंक गया. चारों तरफ फैले धुएं से आमलोगों के बीच अफरातफरी का माहौल हो गया. आग लगने की सूचना अग्निशमन विभाग को दी गयी. 12 बजे से दमकल की दो गाड़ियों से आग बुझाने का काम शुरू हुआ. डेढ़ घंटे तक कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. इस दौरान एक दमकल वाहन कचहरी चौक के पास जाम में फंस गया. तबतक एक वाहन से पाइप को निकालकर आग बुझाने का काम चलता रहा. आधे घंटे बाद दूसरा वाहन भी घटना स्थल के करीब पहुंचा. दोनों वाहनों को शहीद भगत सिंह चौक के पास सड़क पर खड़ा किया गया. अस्पताल परिसर से उठ रही आग की तेज लपट को देखने के लिए सड़क पर भारी भीड़ लग गयी. आग बुझाने में ट्रैफिक डीएसपी आशीष सिंह, अग्निशमन विभाग के कर्मी रोहिणी माया, अस्मिता व सुबोध कुमार समेत अन्य कर्मियों की मुख्य भूमिका रही. रेस्क्यू के दौरान सदर अस्पताल के प्रभारी डॉ राजू व अस्पताल प्रबंधक आशुतोष कुमार मौजूद रहे.

सिगरेट की चिंगारी से सूखे पत्तों में फैली आग

घटनास्थल के पास परित्यक्त तीन एंबुलेंस वर्षों से खड़ी थी. एक एंबुलेंस पूरी तरह जल कर स्वाहा हो गयी. दूसरी एंबुलेंस का अगला हिस्सा जला. अग्निशमन विभाग के कर्मियों ने तीसरी एंबुलेंस को जलने से बचा लिया. बता दें कि दो एंबुलेंस की सीट पर माचिस की तीलियां, सिगरेट के डब्बे समेत अन्य मादक पदार्थ के रैपर फेंके हुए थे. आशंका व्यक्त की गयी कि अस्पताल के बिल्कुल कोने में रखे इन गाड़ियों में नशेड़ियों का जमावड़ा लगता था. सिगरेट की चिंगारी से आग लगी. एंबुलेंस के चारों ओर पेड़ की सूखी पत्तियां बिखरी हुई थी. इससे आग को फैलने में मदद मिली. इधर, स्वास्थ्य कर्मियों ने बताया कि खराब एंबुलेंस को नीलाम करना जरूरी है. सदर अस्पताल प्रभारी ने बताया कि सीएस कार्यालय की ओर से यह प्रक्रिया पूरी होगी. यह अस्पताल की संपत्ति नहीं है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >