बिल सुधार करने के लिए लाइनमैन पर "1.20 लाख घूस लेने का आरोप, जांच कमेटी के अध्यक्ष के अंदर काम करते हैं आरोपित

साउथ बिहार डिस्ट्रिब्यूशन कंपनी लिमिटेड के भागलपुर सर्किल में रिश्वतखोरी के एक मामले की जांच के लिए विभाग ने जो कदम उठाये हैं, उस पर कई सवाल खड़े हो गये हैं.

भागलपुर से ब्रजेश की रिपोर्ट :

साउथ बिहार डिस्ट्रिब्यूशन कंपनी लिमिटेड के भागलपुर सर्किल में रिश्वतखोरी के एक मामले की जांच के लिए विभाग ने जो कदम उठाये हैं, उस पर कई सवाल खड़े हो गये हैं. बिजली बिल सुधार करने के नाम पर एक लाइनमैन के खिलाफ 1.20 लाख रुपये लेने का आरोप लगा. मामले की शिकायत मुख्यालय स्तर पर हुई. इसके बाद स्थानीय स्तर पर जांच कमेटी गठित की गयी. जांच कमेटी का अध्यक्ष उन्हें बनाया गया है, जिनके कार्यालय में बिल सुधार का काम होता है, जबकि आरोप बिल सुधार के नाम पर घुसखोरी का है. वहीं जिस लाइनमैन पर उक्त आरोप लगा है, वह जांच कमेटी अध्यक्ष के मातहत काम करते हैं. ऐसी स्थिति में जांच कितना निष्पक्ष और पारदर्शी होगा, यह अनुमान लगाया जा सकता है.

क्या है मामला ?

मधुसूदनपुर निवासी जद्दू यादव ने अलीगंज विद्युत सब डिवीजन में कार्यरत लाइनमैन बबलू यादव पर गंभीर आरोप लगाये हैं. उन्होंने लिखा है कि उनकी पत्नी के नाम से बिजली कनेक्शन है, जिस पर 1 लाख 84 हजार 728 रुपये का बकाया दर्ज है. शिकायत के अनुसार लाइनमैन द्वारा बिल सुधार कराने के नाम पर उनसे 1.20 लाख रुपये लिये गये, लेकिन अब तक न तो बिल में कोई सुधार किया गया और न ही राशि वापस की गयी है.

पैसे मांगने पर इनकार और शिकायत तक पहुंचा मामला

शिकायतकर्ता का कहना है कि जब उन्होंने अपनी दी गयी राशि वापस मांगने की कोशिश की तो उन्हें टालमटोल जवाब मिला और पैसे लौटाने से स्पष्ट इनकार कर दिया गया. इसके बाद जद्दू यादव ने पूरे मामले की लिखित शिकायत बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी लिमिटेड के मुख्य प्रबंधक निदेशक को दी.

जांच की प्रक्रिया शुरू, कमेटी गठित

मुख्य प्रबंधक निदेशक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच का आदेश दिया है और इसकी जिम्मेदारी सुपरिटेंडेंट इंजीनियर को सौंपी गयी है. उनके निर्देश पर कार्यपालक अभियंता (पूर्वी) ने जांच कमेटी गठित की है. कमेटी में अलीगंज विद्युत सब डिवीजन के सहायक अभियंता रितेश कुमार को अध्यक्ष तथा जूनियर इंजीनियर संतोष कुमार और दीपक कुमार राही को सदस्य बनाया गया है. कमेटी को 10 दिनों के अंदर जांच रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है.

लाइनमैन और अध्यक्ष एक ही कार्यक्षेत्र में, कमेटी की निष्पक्षता पर उठे सवाल

घूस लेने के आरोप सामने आने के बाद जो जांच कमेटी गठित की गयी है, उस पर अब निष्पक्षता को लेकर सवाल उठने लगे हैं. आरोप यह है कि जिस सहायक अभियंता को कमेटी का अध्यक्ष बनाया गया है, उनके ही कार्यालय में बिल सुधार का कार्य होता है. यही नहीं, जिस लाइनमैन बबलू यादव पर घूस लेने का आरोप लगा है, वह भी उसी अधिकारी के अधीन कार्यरत बताया जा रहा है. ऐसे में पूरे मामले की जांच की निष्पक्षता पर संदेह जताया जा रहा है. लोगों का कहना है कि इस स्थिति में कमेटी के पक्षपात करने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता. आरोप यह भी है कि जांच प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है और आरोपी के पक्ष में रिपोर्ट जाने की संभावना बनी रह सकती है.

असिस्टेंट इंजीनियर रिश्वत मामले में निलंबित

रजौन विद्युत सब डिवीजन के सहायक अभियंता विजेंद्र कुमार को विजिलेंस टीम द्वारा एक जून को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किये जाने के मामले में कार्रवाई की गयी है. गिरफ्तारी के बाद अब विभाग ने उनके खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए उन्हें निलंबित कर दिया है. यह कार्रवाई एसबीपीडीसीएल के अवर सचिव शत्रुघ्न कुमार सुमन की ओर से की गयी है. विभागीय निर्देश के अनुसार निलंबन अवधि के दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन-यापन भत्ता प्रदान किया जायेगा. इस संबंध में आधिकारिक नोटिफिकेशन भी जारी कर दिया गया है.

अब तक कई गड़बड़ी के मामले आये

कथित भ्रष्टाचार के मामलों की एक के बाद एक कड़ी सामने आ रही है. बिहपुर में पैसों की हेराफेरी, अलीगंज विद्युत सब डिवीजन में पोल शिफ्टिंग के नाम पर गड़बड़ी और रजौन में घूस लेते विजिलेंस के हाथों पकड़ाने के बीच अब अलीगंज सब डिवीजन में बिल सुधार के नाम पर घूसखोरी का नया मामला सामने आया है.

बोले कार्यपालक अभियंता

विद्युत कार्य प्रमंडल (भागलपुर पूर्वी) के कार्यपालक अभियंता प्रभात रंजन ने बताया कि मुख्यालय से प्राप्त शिकायत आवेदन के आधार पर जांच कमेटी गठित की गयी है. जिस पर आरोप लगा है, वह एक स्टाफ है और कमेटी के अध्यक्ष अधिकारी हैं. जांच की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए दो बाहरी जूनियर इंजीनियरों को भी कमेटी में शामिल किया गया है. कोई भी कमेटी गलत रिपोर्ट नहीं लिखती है. जांच रिपोर्ट आने के बाद उसका स्वयं रिव्यू किया जायेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >