bhagalpur news. मिड डे मील खाने के बाद 40 बच्चों की बिगड़ी तबीयत, शिक्षक व रसोइया फरार

शाहजंगी पंचायत अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय गंगौता मैदान में बुधवार को मिड डे मील खाने के बाद 40 बच्चों की तबियत बिगड़ गयी

शाहजंगी पंचायत अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय गंगौता मैदान में बुधवार को मिड डे मील खाने के बाद 40 बच्चों की तबियत बिगड़ गयी. इसके साथ अफरातफरी का माहौल बन गया. आनन-फानन में सभी बच्चों को एंबुलेंस से सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने बताया कि सभी की हालत नियंत्रण में है. हालांकि, कुछ बच्चों के पेट व सिर में दर्द की शिकायत पर उसका इलाज जारी रहा. अधिकतर बच्चों को जरूरी जांच के बाद छोड़ दिया गया. बकौल अभिभावक कि शिक्षकों व रसोइया ने व्यवस्था को संभालने की बजाय भागना उचित समझा. पहले 15 बच्चों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया. इसमें नौ बच्चों को पूरी तरह ठीक पाया, जबकि अन्य छह बच्चों की शिकायत पर उसका इलाज जारी रखा. अस्पताल प्रभारी डॉ राजू ने बताया कि गर्मी में मसालेदार भोजन करने से बच्चों की स्थिति बिगड़ गयी. कुछ बच्चों को परेशान देखकर दूसरे बच्चे भी परेशान हो गये. इससे उनकी तबीयत बिगड़ गयी.

शाहजंगी के पांचवीं के छात्रा रिफअत, आरुषी, इकरा, दूसरी के छात्र कासिम अतहर, तीसरी की छात्रा मारया फातिमा और तीसरी की ही मंतसा अधिक परेशान दिख रही थी. उसे एडमिट कर इलाज किया जा रहा था.

बच्चों ने बताया कि चना-आलू की सब्जी व चावल भोजन में परोसा गया था. इससे बदबू आ रही थी. खाना खट्टा लग रहा था. खाने के साथ चक्कर और उल्टी जैसा मन करने लगा. कई बच्चों के पेट में दर्द हो गया. सूचना मिलते ही हबीबपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की. विडंबना थी कि स्कूल में हुई घटना के बाद अपनी जिम्मेदारी से पीछे हटते हुए शिक्षक व प्रधानाचार्य गायब हो गये. अस्पताल भी कोई नहीं पहुंचे. इससे अभिभावकों ने काफी आक्रोश दिखा. एक अभिभावक ने बताया कि सूचना मिलने पर वे अस्पताल पहुंचे, लेकिन वहां स्कूल प्रबंधन का कोई भी जिम्मेदार व्यक्ति मौजूद नहीं था. इससे अभिभावकों में नाराजगी बढ़ गयी. यहां डॉक्टरों के अनुसार, सभी बच्चों का इलाज किया जा रहा है और उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है. फिलहाल बच्चों की हालत स्थिर बताई जा रही है.

सूचना पर पहुंचे जिला शिक्षा अधिकारी, एसडीएम और जिलाधिकारी

सूचना मिलते ही पहले जिला शिक्षा पदाधिकारी राजकुमार शर्मा, फिर एसडीएम और जिला पदाधिकारी डॉ नवल किशोर चौधरी बारी-बारी से बच्चों का हालचाल जानने पहुंचे. जिला शिक्षा पदाधिकारी ने बताया कि नया सत्र शुरू होने पर स्कूल में स्कूल में मिड डे मील बनान की बजाय एनजीओ से तैयार करके भेजा गया था. एक ही एनजीओ से सभी स्कूल में भोजन भेजा गया, लेकिन शिकायत केवल एक स्कूल से मिल रही है. जांच का विषय है कि किस कारण बच्चों की तबीयत बिगड़ी. इसे लेकर खुद नजर बनाये हुए हैं. फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है और लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जायेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ATUL KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >