भागलपुर : बाढ़ के पानी में व नहाने के दौरान डूबने से भागलपुर व जमुई में पांच बच्चों सहित छह लोगों की मौत हो गयी.पीरपैंती स्थित बाखरपुर ओपी क्षेत्र के बाखरपुर निवासी शिव दयाल मंडल के पुत्र गुलशन कुमार (11) की मौत रविवार को बाबूपुर गांव के पास पुल के नीचे डूबने से हो गयी. ओपी प्रभारी मुकेश कुमार सिंह ने बताया कि बालक बाबूपुर में अपने मामा प्रमोद मंडल के यहां आया था.
रविवार को वह बकरी के लिए चारा लाने बहियार की ओर गया था. रास्ते में पुल के पास वह दोस्तों के साथ पानी में नहाने लगा. इसी दौरान वह गहरे पानी में डूब गया. स्थानीय गोताखोरों ने उसका शव बाहर निकाला. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भागलपुर भेजा.
घोघा थाना क्षेत्र के पक्कीसराय निवासी सीताराम मंडल की 14 वर्षीया पुत्री चंदा कुमारी की मौत बाढ़ के पानी में डूबने से हो गयी. उसकी मां सियावती देवी ने बताया कि वह घर के थोड़ी ही दूरी पर रेलवे लाइन के बगल में बाढ़ के पानी में सहेली के साथ स्नान करने गयी थी.
उसी दौरान वह डूब गयी. दो घंटे बाद उसका शव मिला. चंदा मध्य विधालय पक्कीसराय में सातवीं कक्षा की छात्रा थी. परिजनों ने इस इसकी जानकारी घोघा थाना को दी. घोघा थाना के एसआइ रामबली पासवन व रमेश कुमार ने शव को कब्जे में ले लिया. सोमवार को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जायेगा.
नारायणपुर स्थित नगरपाड़ा पूरब पंचायत के सतियारा निवासी लक्ष्मण मंडल (70) की शनिवार की शाम पानी भरे गढ्ढे में डूबने से मौत हो गयी. लक्ष्मण मंडल रिक्शा चालक था. शाम में वह शौच के लिए घर से निकला था. रविवार की सुबह इंदिरा मंच के पास पोखर में उसका शव मिला. परिजनों ने उसके शव की पहचान की. सूचना पर बिहपुर के थानाध्यक्ष सुचित कुमार पुलिस बल के साथ पहुंचे.
शव को गढ्ढे से बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल भेजा. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. सीओ रामजपी पासवान ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मृतक के परिजनों को आपदा विभाग से मिलने वाले चार लाख रुपये की सहायता दी जायेगी.
झाझा थाना क्षेत्र के धमना पंचायत अंतर्गत धमना गांव के यादव टोला में अवस्थित बड़का आहार में रविवार को 11:00 बजे दिन में नहाने के दौरान दो बच्चों की मौत हो गयी. सुरेंद्र मिस्त्री की 8 वर्षीया पुत्री खुशी कुमारी, विनोद मिस्त्री का 6 वर्षीय पुत्र रामाशीष कुमार समेत गांव के दर्जनों बच्चे पास के बड़का आहार में नहाने के लिए गये थे. इसी दौरान उक्त दोनों बच्चे गहरे पानी में चले गये और दोनों की मौत हो गयी.
