भागलपुर : पांच जुलाई को घोघा पुलिस ने दो छर्री व्यापारी पर अवैध भंडारण समेत कई आरोप लगाते हुए थाने में मुकदमा दर्ज किया गया. मामला दर्ज होने के बाद एक बार फिर नाथनगर विधायक अजय मंडल सामने आये. उन्होंने पुलिस मुख्यालय को पत्र लिख दोनों व्यापारी को निर्दोष बताते हुए केस हटाने का आग्रह किया है. मुख्यालय ने जिला पुलिस को पत्र लिख जांच कराने का आदेश देते हुए इसकी रिपोर्ट मांगी है.
दोनों व्यापारी करते थे अवैध कारोबार
घोघा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए महेश संथालिया और राजकुमार टिकरीवाल पर मुकदमा दर्ज किया है. इसमें कई आरोपों के साथ-साथ अवैध भंडारण का आरोप लगाया गया है. पुलिस अवैध इंट्री पासिंग के बाद अवैध छर्री कारोबार के खिलाफ कार्रवाई में लगी है. इसमें हर कारोबारी के लाइंसेस के साथ-साथ अन्य कागजात की जांच पुलिस कर रही है. जिस कारोबारी के पास जरूरी कागजात नहीं होता है, उसके गोदाम को सील करने के बाद मामला दर्ज किया जा रहा है. पांच जुलाई को भी पुलिस ने दोनों कारोबारियों पर मामला दर्ज किया. पूरे मामले की मॉनीटरिंग डीआइजी विकास वैभव कर रहे हैं.
आखिर पुलिस कार्रवाई के साथ क्यों नहीं है विधायक
पुलिस की लगातार कार्रवाई जारी है. आधे दर्जन से ज्यादा नेताओं के खिलाफ कहलगांव थाने में स्टेशन डायरी दर्ज किया जा चुका है. ऐसे में अचानक विधायक सामने आते हैं. पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए अपने समर्थक को निर्दोष बताने लगते हैं. पूरे मामले पर विधायक का पक्ष लेने का प्रयास किया गया, तो उनका मोबाइल पहुंच से बाहर था.
समर्थकों पर मामला दर्ज पर पहले भी सामने आ चुके हैं विधायक
पुलिस की लगातार कार्रवाई के जद में विधायक के कई समर्थक फंसते नजर आ रहे हैं. पिछले दिनों जब विधायक के समर्थक पर मुकदमा दर्ज हुआ था, तो अचानक विधायक आइजी से मिलने पहुंच गये. अपने समर्थक कोनिर्दोष बताते हुए केस से मुक्त करने का आग्रह किया. अब दो व्यापारी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया. इस बार विधायक स्थानीय पुलिस अधिकारी को छोड़ सीधे मुख्यालय की शरण में चले गये. अब विभाग मामले की जांच में लग गया है. अगर मामला सही निकला, तो विधायक की किरकिरी तय है.
