भागलपुर: युवा राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह भागलपुर के सांसद शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल ने कहा कि एक तरफ जहां केंद्र सरकार ने तीन साल में झूठे वायदे कर जनता को ठगने का काम किया, वहीं हमने तीन साल के कार्यकाल में अपने संसदीय क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य किया. उन्होंने कहा कि तीन साल में उन्होंने बाइपास का निर्माण, चंपापुल, भैना पुल, एनएच 80, राजपुर-मुरहन पुल, अनादिपुर से पीरपैंती तक सड़क, सन्हौली पुल (बलुआचक से सन्हौली), लोकमानपुर पुल, विजयघाट का एप्रोच रोड (आरओबी का काम) का निर्माण, इस्माइलपुर के सभी सड़कों व जगदीशपुर सन्हौला रोड चौड़ीकरण, इस्माइलपुर -जाह्नवी चौक बांध का काम शुरू कराया. भागलपुर में पासपोर्ट ऑफिस खुलवाया तो इस्माइलपुर प्रखंड में 32 किमी लंबे सड़क व प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत हर प्रखंड में कई सड़कों का निर्माण कराया. इसके अलावा एनएच 106, विक्रमशिला पुल के समानांतर पुल व एनएच 80 पर फोरलेन बनाने का प्रयास शुरू कर दिया.
तीन साल में सिर्फ वायदे ही किये मोदी सरकार ने : सांसद बुलो मंडल ने कहा कि तीन साल में मोदी सरकार ने हर साल तीन करोड़ युवाओं को रोजगार देने, काला धन के देश में आने पर हरेक के खाते में 15-15 लाख रुपये आने, किसानों की आय दोगुनी करने व बिहार को सवा लाख करोड़ रुपये देने का वादा किया था, जो कि राजनीतिक जुमला साबित हुआ. स्वच्छता अभियान व गंगा स्वच्छता अभियान को लेकर बड़े-बड़े दावे किये गये लेकिन गंगा सफाई का काम एक किमी भी नहीं हुआ. उन्होेंने कहा कि मोदी फेस्ट के जरिये सरकार के मंत्री जनता का पैसा पानी की तरह बहा रहे हैं और अपनी नाकामियों पर परदा डाल रहे हैं. राजद इनके खिलाफ भागलपुर से लेकर प्रदेश व देश भर में आंदोलन करेंगी और भाजपा के झूठ का पर्दाफाश करेगी.
सांसद बुलो मंडल ने कहा कि जब पीएम नरेंद्र मोदी मोदी पूरी ताकत लगाने के बावजूद बिहार को नहीं जीत सके तो योगी बिहार में क्या कर लेंगे. आगामी चुनाव में भी नीतीश की अगुवाई वाले महागंठबंधन की सरकार बनेगी.
रैली को बनायें सफल : रामविलास पासवान
जिला राष्ट्रीय जनता दल एवं सभी प्रकोष्ठों के जिला अध्यक्ष, नगर अध्यक्ष, एवं पार्टी के प्रखंड अध्यक्षों की बैठक युवराज होटल में हुई. बैठक की अध्यक्षता जिला राजद के अध्यक्ष डॉ तिरुपतिनाथ यादव ने की. इस बैठक में बतौर मुख्य अतिथि भागलपुर के सांसद एवं युवा राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल, बतौर विशिष्ट अतिथि पीरपैंती के विधायक रामविलास पासवान ने भाग लिया. बैठक में पीरपैंती विधायक श्री पासवान ने 27 अगस्त को पटना में आयोजित भाजपा भगाओ देश बचाओ रैली में अधिकाधिक संख्या में राजद कार्यकर्ताओं से भाग लेने का आह्वान किया. भाजपा से सचेत रहने को कहा. भागलपुर सांसद श्री मंडल ने कहा कि एक तरफ केंद्र सरकार पूंजीपतियों के कर्ज को माफ कर रही है वहीं वाजिब कर्ज माफ करने के बजाय किसानों पर गोलियां बरसाई जा रही है. राजद के जिलाध्यक्ष डॉ तिरुपतिनाथ ने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि सभी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष 27 अगस्त की रैली की तैयारी में जुट जाये. बैठक का संचालन राजद मीडिया प्रभारी अर्जुन शर्मा ने की. बैठक में राजद नेता योगेश यादव, संजय रजक, रमेश रमन, संजय मंडल,रमन साह, सज्जाद, बासुकी नाथ यादव, केदार शर्मा, संजय यादव, ओमप्रकाश यादव आदि मौजूद रहे.
