bhagalpur news. सीएपीएफ की 10 कंपनियां भागलपुर पहुंची, चार कंपनियां और आयेंगी

समीक्षा भवन में बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारी को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी डॉ नवल किशोर चौधरी व वरीय पुलिस अधीक्षक हृदय कांत की संयुक्त अध्यक्षता में बैठक हुई.

समीक्षा भवन में बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारी को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी डॉ नवल किशोर चौधरी व वरीय पुलिस अधीक्षक हृदय कांत की संयुक्त अध्यक्षता में बैठक हुई. इसमें सभी सातों विधानसभा के सभी निर्वाची पदाधिकारी, तीनों अनुमंडल पदाधिकारी, सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, सभी थानाध्यक्ष शामिल हुए. बताया गया कि जिले में सीएपीएफ (केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल) की 10 कंपनियों का आगमन हो चुका है. चार कंपनियां एक-दो दिन में भागलपुर पहुंचने वाली हैं. सभी एसडीओ व बीडीओ को निर्देशित किया गया कि फ्लैग मार्च के लिए क्षेत्र चिह्नित कर कर लिया जाये. निरंतर फ्लैग मार्च कराया जाये. सभी बीडीओ अपने सेक्टर पदाधिकारी को अपने पुलिस पदाधिकारी के साथ निरंतर क्षेत्र भ्रमण करेंगे और वलनरेबल टोलों के वलनरेबल लोगों को चिह्नित करेंगे. सोशल मीडिया पर नजर रखने के लिए सिटी एसपी व जिला जनसंपर्क पदाधिकारी को निर्देशित किया गया. कहीं से कोई शिकायत मिलने पर जांच के बाद कार्रवाई की जायेगी. फेक न्यूज पाये जाने पर संबंधित के विरुद्ध भी कार्रवाई की जायेगी. सभी निर्वाची पदाधिकारी को नामांकन से संबंधित तैयारी कर लेने का निर्देश दिया गया. अपने क्षेत्र की चुनावी सभा पर किये जानेवाले व्यय पर नजर रखने और सभी तैयारी कर लेने का निर्देश दिया गया. सभी बीडीओ को चुनावी सभा के लिए हेलीपैड व सभा स्थल की सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया. जेड प्लस के वीआइपी के लिए डी एरिया व हेलीपैड का बल्ला से बैरिकेडिंग कराना अनिवार्य है. यह चुनावी सभा के आयोजक से सुनिश्चित करवाया जाये. साथ ही मंच की लंबाई-चौड़ाई के अनुसार उस पर चढ़नेवाले व्यक्ति की क्षमता का आकलन कर आवेदक को उपलब्ध करा दिया जाये. कार्यक्रम स्थल पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी, एंबुलेंस व वाटर टैंकर की व्यवस्था आवश्यक है. यह सभी व्यवस्था आयोजक करेगा. एसएसपी ने कहा कि अपराधियों पर नकेल कसने के लिए वाहनों की चेकिंग में तेजी लाएं. अंतर राज्य व अंतर जिला बॉर्डर पर चेक पोस्ट सक्रिय कर देने का निर्देश दिया. चेक पोस्ट पर टेंट लगवाने, सीसीटीवी लगवाने के साथ ही तीन शिफ्ट में दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश दिया. सभी थाना प्रभारी को कहा कि सभी वारंटी के घर कुर्की-जब्ती की कार्रवाई मतदान तिथि से पूर्व हो जानी चाहिए. एक भी वारंटी बचना नहीं चाहिए. उन्होंने कहा कि काली पूजा समीप ही है और इसे शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए अभी से ही अपराधियों पर नकेल कसी जाये. कोई भी आपराधिक गतिविधि जिले में न हो, यह सुनिश्चित किया जाये. डीडीसी ने सभी पदाधिकारी को चुनाव कर्तव्य से अवगत कराया. बैठक में नगर आयुक्त शुभम कुमार, जिला के सभी कोषांगों के वरीय पदाधिकारी व नोडल पदाधिकारी उपस्थित थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By NISHI RANJAN THAKUR

NISHI RANJAN THAKUR is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >