नगर परिषद सुलतानगंज का वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट 28 फरवरी को सामान्य बोर्ड की बैठक में सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया. बजट विश्लेषण से पता चलता है कि यह बजट नगर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, नागरिक सुविधाओं के विस्तार और आंतरिक राजस्व बढ़ाने की स्पष्ट दिशा तय करता है. शहर को आधुनिक, स्वच्छ और सुविधा संपन्न बनाने के लक्ष्य के साथ बजट में कई बड़े प्रोजेक्ट्स को प्राथमिकता दी गई है.
सरकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने और राजस्व वृद्धि के लिए सभी भवनों का सर्वे कराया जाएगा. डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण और जलापूर्ति संबद्धता से जुड़ी सूचनाएं एकत्र की जाएंगी. नगर परिषद को अद्यतन सॉफ्टवेयर से सुसज्जित किया जाएगा, जिससे संपत्ति कर और उपभोक्ता शुल्क का भुगतान आसान होगा. नगर परिषद डेटाबेस के लिए पांच लाख रुपये का प्रावधान किया गया है. 25% शहरी गरीबों के लिए आधारभूत सेवाओं हेतु 12 करोड़ 40 लाख का उपबंध इस बजट की बड़ी विशेषता है. इसके अलावा सामुदायिक भवन, पुस्तकालय, रेन बसेरा, ओल्ड एज होम, पार्क और प्रेक्षागृह जैसे सामाजिक ढांचे पर भी निवेश होगा.
शहर के लिए बड़े प्रोजेक्ट्स : व्यापार, आवास और आजीविका
बजट की प्रमुख घोषणा आधुनिक मार्केट कॉम्प्लेक्स के निर्माण की है, जिस पर दो करोड़ 14 लाख रुपये खर्च होंगे. इससे स्थानीय व्यापार को नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है. शहरी गरीबों के लिए बहुमंजिला आवासन हेतु दो करोड़ 14 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है, जबकि छोटे दुकानदारों और ठेला-खोमचा लगाने वालों के लिए वेंडर जोन के विकास पर एक करोड़ एक लाख रुपये खर्च किए जाएंगे. यह कदम आजीविका सुरक्षा और व्यवस्थित शहरीकरण की दिशा में अहम माना जा रहा है.
सड़क, नाला और रोशनी : बुनियादी ढांचे को मिलेगी मजबूती
नगर में यातायात और जल निकासी की समस्याओं के समाधान के लिए रोड एवं नाला निर्माण पर 13 करोड़ 36 लाख रुपये खर्च का प्रावधान है. पब्लिक लाइट (स्ट्रीट लाइट/हाई मास्ट आदि) के लिए एक करोड़ 50 लाख रुपये, तथा जलापूर्ति प्रणाली एवं जल-जीवन-हरियाली योजना के लिए एक करोड़ 47 लाख रुपये रखे गए हैं. इससे अंधेरे और जल संकट जैसी समस्याओं से राहत मिलने की उम्मीद है.
स्वच्छता और पर्यावरण : आधुनिक व्यवस्था की तैयारी
स्वच्छता व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए सफाई उपकरण और वाहनों की खरीद पर एक करोड़ 23 लाख रुपये का प्रावधान है. पूंजीगत व्यय के अंतर्गत नए लैंडफिल साइट हेतु भूमि क्रय, कंपोस्ट प्लांट, स्ट्रॉम वॉटर ड्रेनेज सिस्टम तथा ठोस व तरल अपशिष्ट प्रबंधन संयंत्र जैसी परियोजनाओं को शामिल किया गया है. इन सभी मदों को मिलाकर 284 करोड़ 93 लाख 91 हजार रुपये का प्रावधान किया गया है, जो दीर्घकालिक शहरी प्रबंधन की नींव रखता है.
सार्वजनिक सुविधाएं : शौचालय, एंबुलेंस और शवदाह वाहन
नागरिकों की दैनिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सार्वजनिक शौचालय व यूरिनल के लिए एक करोड़ 33 लाख रुपये का उपबंध किया गया है. दुर्घटनाग्रस्त व अस्वस्थ मरीजों को अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस सेवा शुरू की जाएगी. वहीं, शव को मुक्तिधाम तक ले जाने के लिए शवदाह वाहन की सुविधा नगर परिषद स्तर से शुरू होगी. इन सेवाओं के लिए एक करोड़ 23 लाख रुपये का प्रावधान है.
राजस्व लक्ष्य और कर प्रोत्साहन
बजट में संपत्ति कर वसूली का लक्ष्य दो करोड़ 10 लाख 40 हजार रुपये तय किया गया है. नए और अनिर्धारित मकानों को होल्डिंग टैक्स के दायरे में लाया जाएगा. नए विज्ञापन नियमों से 16 लाख, मोबाइल टावर शुल्क से 16.05 लाख, तथा भवन अनुज्ञा, पानी टैंकर, सेप्टिक टैंक क्लीयरेंस, कचरा संग्रहण आदि से 1.78 करोड़ रुपये आय का अनुमान है. पेयजल उपयोग शुल्क से 53.50 लाख और ठोस अपशिष्ट उपभोक्ता शुल्क से 11.34 लाख आने की संभावना जताई गई है. नप के मुख्य पार्षद राजकुमार गुड्डू ने कहा कि यह बजट समावेशी, विकासोन्मुख और नागरिक-केंद्रित है. इसमें व्यापार, गरीब, बुजुर्ग, युवा, हर वर्ग की जरूरतों का ध्यान रखा गया है. उन्होंने विश्वास जताया कि यह बजट सुलतानगंज को आधुनिक और सुविधा संपन्न नगर बनाने में निर्णायक साबित होगा.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.