बेतिया में विकसित भारत जी राम जी योजना पर अभियंताओं का प्रशिक्षण, डीएम ने दिए जनोपयोगी योजनाओं के निर्देश

पश्चिम चंपारण में विकसित भारत जी राम जी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु जल संसाधन विभाग के अभियंताओं का प्रशिक्षण आयोजित किया गया. जिलाधिकारी ने आम लोगों को सीधा लाभ पहुंचाने वाली योजनाओं पर जोर दिया.

West Champaran News: विकसित भारत जी राम जी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जल संसाधन विभाग के अभियंताओं का एकदिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी तरनजोत सिंह ने किया.

डीएम ने कहा कि योजनाओं का चयन ऐसा हो, जिससे आम लोगों को सीधा लाभ मिले और जिले की प्रमुख समस्याओं का स्थायी समाधान निकल सके.

जल संचयन से सिंचाई तक, कई बिंदुओं पर दिया जोर

जिलाधिकारी ने कहा कि एक जुलाई से शुरू हुई विकसित भारत जी राम जी योजना रोजगार सृजन के साथ अधिक पारदर्शी और प्रभावी व्यवस्था पर आधारित है.

उन्होंने जल संसाधन विभाग के अभियंताओं को निर्देश दिया कि ऐसी योजनाएं तैयार करें, जिनसे जल संचयन, जल प्रवाह, भूजल स्तर में वृद्धि, किसानों के खेतों तक सिंचाई, बाढ़ और जलजमाव से राहत तथा गन्ना क्षेत्रों से जल निकासी सुनिश्चित हो सके.

जनोपयोगी और बहुआयामी योजनाओं पर रहेगा फोकस

डीएम तरनजोत सिंह ने कार्यपालक अभियंताओं से कहा कि सभी योजनाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप हों और उनका चयन जनहित को ध्यान में रखकर किया जाए.

उन्होंने कहा कि योजनाएं ऐसी हों, जिनका लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचे और उनका दीर्घकालिक प्रभाव दिखाई दे.

जिले में 143 कार्य शुरू, 500 और प्रस्तावित

राष्ट्रीय नियोजन कार्यक्रम के निदेशक पुरुषोत्तम त्रिवेदी ने बताया कि पश्चिम चंपारण में जल संसाधन विभाग की ओर से इस सीजन में अब तक 143 कार्य शुरू किए जा चुके हैं.

उन्होंने कहा कि करीब 500 और कार्य शुरू करने की तैयारी चल रही है. इन परियोजनाओं के पूरा होने से जिले में जलजमाव और बाढ़ की समस्या कम होगी, जबकि किसानों को सिंचाई की बेहतर सुविधा मिलेगी.

कई अधिकारी और अभियंता रहे मौजूद

प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम पदाधिकारी राजीव कुमार, कार्यपालक अभियंता विद्यानंद सरस्वती, मुख्य प्रशिक्षक सत्येंद्र कुमार, कार्यक्रम पदाधिकारी चनपटिया तथा जल संसाधन विभाग के नोडल पदाधिकारी सह कार्यपालक अभियंता तिरहुत नहर प्रमंडल, बेतिया-2 सहित सभी प्रमंडलों के सहायक और कनीय अभियंता उपस्थित रहे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अवध किशोर तिवारी

अवध किशोर तिवारी तीन दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. इन्होंने हिंदी दैनिक राष्ट्रीय सहारा के दिल्ली संस्करण से करियर की शुरुआत की. वर्तमान में वर्ष 2018 से प्रभात खबर के बेतिया ब्यूरो कार्यालय से जुड़े हैं. सामाजिक, अपराध, राजनीतिक एवं जनसरोकार से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >