बेतिया के मझौलिया से संजय कुमार पांडे की रिपोर्ट
West Champaran News: बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग द्वारा जारी स्थानांतरण एवं पदस्थापन आदेश के तहत डौली कुमारी ने मझौलिया अंचलाधिकारी (सीओ) का पदभार ग्रहण कर लिया है. उन्होंने तत्कालीन अंचलाधिकारी राजीव रंजन कुमार का स्थान लिया है, जिनका स्थानांतरण सीतामढ़ी जिले में भू-अर्जन पदाधिकारी के रूप में किया गया है. पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने आम जनता को बेहतर और पारदर्शी राजस्व सेवाएं उपलब्ध कराने का भरोसा दिया.
जनता के कार्यों का समयबद्ध निष्पादन होगी प्राथमिकता
नवागत अंचलाधिकारी डौली कुमारी ने कहा कि विभागीय नियमों के अनुरूप अंचल कार्यालय से जुड़े सभी राजस्व कार्यों का समयबद्ध निष्पादन उनकी पहली प्राथमिकता होगी. उन्होंने कहा कि आम लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ें, इसके लिए पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य किया जाएगा.
कर्मचारियों को अनुशासन और समयपालन का निर्देश
उन्होंने अंचल कार्यालय के प्रधान लिपिक, राजस्व कर्मचारियों और अंचल अमीनों को निर्देश देते हुए कहा कि सभी अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करें. कार्यालय आने-जाने के समय का पालन, अनुशासन और शिष्टाचार बनाए रखना अनिवार्य होगा. किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
जनप्रतिनिधियों और आम लोगों से मांगा सहयोग
डौली कुमारी ने कहा कि अंचल क्षेत्र की 29 राजस्व पंचायतों के जनप्रतिनिधियों, प्रबुद्ध नागरिकों और आम जनता के सहयोग से राजस्व कार्यों को और प्रभावी बनाया जाएगा. उन्होंने विश्वास जताया कि प्रशासन और जनता के बीच बेहतर समन्वय से पारदर्शी एवं जवाबदेह व्यवस्था स्थापित होगी.
बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था का दिया भरोसा
उन्होंने कहा कि अंचल कार्यालय केवल सरकारी दफ्तर नहीं, बल्कि आम लोगों की समस्याओं के समाधान का केंद्र है. सभी कर्मियों को एक परिवार की तरह कार्य करते हुए जनता के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी होगी.
