15 वर्षीय छात्र सोनू हत्याकांड हत्या का खुलासा, बहन के प्रेम संबंध को लेकर रची गई थी साजिश

West Champaran Crime: पश्चिम चंपारण के 15 वर्षीय छात्र सोनू कुमार हत्याकांड का पुलिस ने 10 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया. प्रेम संबंध से जुड़े विवाद में हत्या की साजिश रची गई थी. मुख्य आरोपी समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो विधि-विरुद्ध किशोर अभिरक्षा में हैं

बेतिया से अवध किशोर तिवारी की रिपोर्ट

West Champaran Crime: पश्चिम चंपारण के कंगली थाना क्षेत्र के इनरवा गांव निवासी 15 वर्षीय छात्र सोनू कुमार के अपहरण और हत्या मामले का पुलिस ने महज 10 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है. पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो विधि-विरुद्ध किशोरों को अभिरक्षा में लिया गया है. मामले में हत्या में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन तथा मृतक का शव भी बरामद कर लिया गया है.

स्कूल से लौटते समय हुआ था अपहरण

एसएसपी कुमार गौतम ने बताया कि 30 जून की शाम सोनू कुमार स्कूल से घर नहीं लौटा था. इसके बाद उसकी मां शारदा देवी ने कंगली थाना में आवेदन देकर गांव के समशुल मियां समेत 18 लोगों पर अपहरण का आरोप लगाया. आवेदन के आधार पर कंगली थाना कांड संख्या-64/26 दर्ज कर विशेष जांच शुरू की गई.

10 घंटे में पुलिस ने सुलझाया पूरा मामला

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर नरकटियागंज अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी जयप्रकाश सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई. तकनीकी एवं मानवीय अनुसंधान के आधार पर पुलिस ने महज 10 घंटे के भीतर पूरे मामले का खुलासा कर आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया.

प्रेम संबंध बना हत्या की वजह

पूछताछ में मुख्य आरोपी समशुल अंसारी उर्फ पोगिया ने बताया कि उसका मृतक सोनू कुमार की छोटी बहन से प्रेम संबंध था. बाद में युवती की किसी अन्य युवक से बातचीत शुरू होने पर विवाद बढ़ गया. आरोपी ने युवती को डांटा, तो सोनू ने अपनी बहन का पक्ष लेते हुए उसे धमकी दी. इसी रंजिश में आरोपी ने अपने पिता, भाई और अन्य साथियों के साथ मिलकर सोनू की हत्या की योजना बनाई.

पहले बेहोश किया, फिर गमछे से दबाया गला

पुलिस के अनुसार 30 जून को स्कूल से लौटते समय सोनू को श्मशान के पास बातचीत में उलझाया गया. उसके साथ चल रहे अन्य बच्चे आगे निकल गए. इसके बाद आरोपितों ने उसे बेहोश कर मोटरसाइकिल से तिलावे नदी किनारे स्थित बांसवारी में ले जाकर गमछे से गला दबाकर हत्या कर दी. बाद में पुलिस कार्रवाई की भनक लगने पर साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को तिलावे नदी में फेंक दिया गया. गिरफ्तार आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने शव बरामद कर लिया.

छह आरोपी गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपितों में समशुल अंसारी उर्फ पोगिया, मुस्लिम अंसारी, अजय कुमार उर्फ सागर, साहिल कुमार, अमित कुमार तथा रैसूल हक शामिल हैं. वहीं दो विधि-विरुद्ध किशोरों को अभिरक्षा में लिया गया है. पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं.

इन अधिकारियों की रही अहम भूमिका

एसएसपी कुमार गौतम ने बताया कि कांड के सफल उद्भेदन में एसडीपीओ जयप्रकाश सिंह, पुलिस निरीक्षक राजीव कुमार, जिला आसूचना इकाई के निरीक्षक रमेश कुमार शर्मा, कंगली थानाध्यक्ष उमेश कुमार, सिकटा थानाध्यक्ष नीतीश कुमार मौर्य, बलथर थानाध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता, इनरवा थानाध्यक्ष संतोष कुमार तथा जिला आसूचना इकाई एवं पुलिस बल के जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Purushottam Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >