सड़क और सरकारी जमीन पर अतिक्रमण का आरोप, ग्रामीणों ने जांच और कार्रवाई की मांग उठाई

बेतिया के पिपरासी प्रखंड में सरकारी भूमि पर अतिक्रमण का मामला गरमाया हुआ है. ग्रामीणों की शिकायत के बावजूद जांच में हो रही देरी से उनमें रोष है. वे जल्द से जल्द भूमि की मापी और भू-माफियाओं पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.

Bettiah News: पिपरासी प्रखंड की सेमरा लंबेदहा पंचायत में सरकारी सड़क, नाला और अन्य भूमि पर कथित अतिक्रमण के मामले में जांच में हो रही देरी को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई है. पूर्व मुखिया राजमंगल बिन के नेतृत्व में दर्जनों किसानों ने प्रशासन को आवेदन देकर भूमि की मापी, जांच और कथित भू-माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.

ग्रामीणों का कहना है कि शिकायत के बावजूद अब तक मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है. इससे लोगों में असंतोष है और सरकारी भूमि पर अतिक्रमण का मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है.

सरकारी सड़क और नाला जोतने का आरोप

पूर्व मुखिया राजमंगल बिन, गोरख बिन, केश्वर राम, सोहन निषाद, उपसरपंच मोहन पंडित, लालू यादव और रामअवध यादव सहित अन्य ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश के कुछ कथित भू-माफियाओं ने पंचायत क्षेत्र में सैकड़ों एकड़ जमीन पर अवैध कब्जा कर रखा है.

ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि सरकारी सड़क और नालों को भी कथित रूप से फर्जीवाड़ा कर जोत-आबाद कर लिया गया है, जिससे आम लोगों को आवागमन और जल निकासी में परेशानी हो रही है.

मापी कर कार्रवाई की मांग

ग्रामीणों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, सरकारी जमीन की मापी कराने और दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है. उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो सरकारी संपत्ति पर अतिक्रमण का दायरा और बढ़ सकता है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Rajkishor pandey

Published by: Sarfaraz Ahmad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >