Bettiah News: महारानी जानकी कुंवर (एमजेके) महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के प्रबंधन में आपदा प्रबंधन विषय पर 10 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम जारी है. एसडीआरएफ टीम के सहयोग से आयोजित "युवा आपदा मित्र" प्रशिक्षण एवं मॉक ड्रिल का निरीक्षण महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) नवल किशोर बैठा ने किया. प्रशिक्षण में एमजेके, आरएलएसवाई कॉलेज और बगहा गवर्मेंट डिग्री कॉलेज के 125 चयनित छात्र-छात्राएं भाग ले रहे हैं.
Education News: प्राचार्य ने दिया व्यवहारिक मार्गदर्शन
प्रशिक्षण का निरीक्षण करने के बाद प्राचार्य प्रो. (डॉ.) नवल किशोर बैठा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त तकनीकी ज्ञान और व्यवहारिक अनुभव का उपयोग आपदा की स्थिति में समाज की सेवा के लिए करना चाहिए. उन्होंने विद्यार्थियों को जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश भी दिया.
एसडीआरएफ टीम ने सिखाए राहत एवं बचाव के तरीके
एसडीआरएफ के प्रशिक्षित जवानों ने छात्र-छात्राओं को बाढ़, आगजनी और सड़क दुर्घटना जैसी आपदाओं के दौरान राहत एवं बचाव की आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी. प्रशिक्षक रविकांत, संतोष कुमार यादव, प्रीति कुमारी, पूजा कुमारी और सच्चिदानंद कुमार ने डूबते व्यक्ति को बचाने, प्राथमिक उपचार, सीपीआर देने, आग बुझाने के उपकरणों के उपयोग तथा सड़क दुर्घटना में घायलों को सुरक्षित निकालने का व्यावहारिक प्रदर्शन किया.
मॉक ड्रिल में विद्यार्थियों ने निभाई सक्रिय भूमिका
एनएसएस इकाई की नोडल अधिकारी डॉ. इंदु शुक्ला और डॉ. वीरेश कुमार राम के नेतृत्व में कॉलेज परिसर में मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया. इसमें स्वयंसेवकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई और आपदा के दौरान त्वरित राहत एवं बचाव की तकनीकों का अभ्यास किया. कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य ने एसडीआरएफ टीम, एनएसएस पदाधिकारियों और स्वयंसेवकों की सराहना करते हुए सफल आयोजन के लिए बधाई दी.
यह भी पढ़ें:नगर निगम के नए नियम लागू, कचरा फेंकने और मलबा रखने पर अब भरना होगा भारी जुर्माना
