Urea Fertilizer Dispute: इनरवा थाना क्षेत्र के इनरवा गांव में यूरिया खाद को लेकर हुए विवाद में मारपीट का मामला सामने आया है. घटना में रामाधार साह और उनके दामाद दूलारचंद साह घायल हो गये. मामले को लेकर रामाधार साह ने थाने में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करायी है.
नेपाल ले जाते समय SSB ने पकड़ा था युवक
रामाधार साह के आवेदन के अनुसार, करीब 15 दिन पहले उनके पुत्र ओमप्रकाश को नागेंद्र साह ने दो बोरा यूरिया खाद बाइक से नेपाल ले जाने के लिए भेजा था. इसी दौरान SSB जवानों ने खाद और बाइक के साथ ओमप्रकाश को पकड़ लिया था. बाद में उसे जेल भेज दिया गया.
जमानत पर रिहाई के बाद इस मामले को लेकर गांव में पंचायती हुई.
क्षतिपूर्ति की मांग पर बढ़ा विवाद
बताया गया कि पंचायती के दौरान क्षतिपूर्ति की मांग को लेकर दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया. आरोप है कि इसी दौरान जयप्रकाश साह, संजय साह और नागेंद्र साह ने लाठी-डंडे से रामाधार साह और उनके दामाद दूलारचंद साह की पिटाई कर दी.
मारपीट में दोनों घायल हो गये. घटना के बाद मामले की शिकायत पुलिस से की गयी.
पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी
इनरवा थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने प्राथमिकी दर्ज होने की पुष्टि की है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. आरोपों की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जायेगी.
