बेतिया: सड़क किनारे तड़पती मिली वृद्ध महिला, अस्पताल पहुंचते ही थम गई सांसें

पश्चिम चंपारण के गौनाहा थाना क्षेत्र में सड़क किनारे घायल अवस्था में मिली एक अज्ञात वृद्ध महिला की इलाज के दौरान दुखद मौत हो गई. फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो सकी है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.

Bettiah News: पश्चिम चंपारण जिले के गौनाहा थाना क्षेत्र में नरकटियागंज मुख्य पथ पर अमोलवा अस्पताल से करीब 500 मीटर की दूरी पर घायल अवस्था में मिली एक अज्ञात वृद्ध महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई. सूचना मिलने पर एंबुलेंस की मदद से महिला को रेफरल अस्पताल गौनाहा लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी. फिलहाल मृतका की पहचान नहीं हो सकी है.

सड़क किनारे घायल अवस्था में मिली थी महिला

जानकारी के अनुसार, राहगीरों ने सड़क किनारे एक वृद्ध महिला को घायल अवस्था में पड़ा देखा. इसके बाद तत्काल एंबुलेंस को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची और महिला को इलाज के लिए रेफरल अस्पताल गौनाहा लेकर गई.

इलाज के दौरान महिला ने तोड़ा दम

रेफरल अस्पताल में इलाज कर रहे डॉक्टर पंकज कुमार ने बताया कि उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई. मृतका की उम्र करीब 60 वर्ष आंकी जा रही है. चिकित्सक के अनुसार महिला के पैर में गंभीर घाव भी था, हालांकि चोट कैसे लगी, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है.

पहचान में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलने के बाद गौनाहा थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. थानाध्यक्ष शंभू शरण गुप्ता ने बताया कि अभी तक महिला की पहचान नहीं हो पाई है. आसपास के थानों और स्थानीय लोगों की मदद से पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है.

पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा शव

पुलिस ने बताया कि कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है.

यह भी पढ़ें: मासूम सृष्टि सुमंगला को मिला नया घर, गोद में लेते ही भावुक हुआ दंपति


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Brij mohan prasad yadav

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >