गवर्नमेंट इंजीनियरिंग कॉलेज, कुमारबाग में दो दिवसीय कॉन्फ्रेंस का आयोजन

जिले के इंजीनियरिंग कॉलेज, कुमारबाग में "इमर्जिंग ट्रेंड्स इन साइंस एंड टेक्नोलॉजी " विषय पर दो दिवसीय नेशनल कॉन्फ्रेंस का शुभारंभ शनिवार को किया गया.

चनपटिया . जिले के इंजीनियरिंग कॉलेज, कुमारबाग में “इमर्जिंग ट्रेंड्स इन साइंस एंड टेक्नोलॉजी ” विषय पर दो दिवसीय नेशनल कॉन्फ्रेंस का शुभारंभ शनिवार को किया गया. सम्मेलन का उद्घाटन एनआईटी पटना से मुख्य वक्ता के रूप में आमंत्रित एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. रोशनी टी. और विशिष्ट अतिथि आईआईटी पटना के सहायक प्राध्यापक डॉ. दया सागर गुप्ता ने किया. कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुई. इस अवसर पर कॉन्फ्रेंस प्रोसीडिंग्स का विमोचन किया गया. अपने स्वागत भाषण में प्राचार्य डॉ. विजय कुमार गुप्ता ने सम्मेलन के महत्व और उसकी प्रासंगिकता पर विस्तार से चर्चा की. उन्होंने कहा कि विज्ञान और प्रौद्योगिकी में तेजी से आ रहे बदलावों को समझना और उन पर विचार-विमर्श करना आज के युग में अत्यंत आवश्यक है, उन्होंने इस प्रकार के शैक्षणिक सम्मेलनों को शोध को प्रोत्साहित करने वाला बताया. मुख्य वक्ता डॉ. रोशनी टी. ने “जलवायु परिवर्तन ” विषय पर विस्तृत व्याख्यान प्रस्तुत किया. उन्होंने जलवायु परिवर्तन के कारणों, प्रभावों और इसके समाधान के लिए आधुनिक तकनीकी उपायों पर गहन चर्चा की. उनका कहना था कि जलवायु परिवर्तन आज वैश्विक चिंता का विषय बन चुका है और इस दिशा में नवीन तकनीकों और अनुसंधान को बढ़ावा देना अनिवार्य है. विशिष्ट अतिथि डॉ. दया सागर गुप्ता ने “पोस्ट क्वांटम सिक्योरिटी ” विषय पर अपने व्याख्यान में भविष्य की साइबर सुरक्षा चुनौतियों और उन्हें हल करने के लिए नवीनतम तकनीकों पर प्रकाश डाला. उन्होंने क्वांटम कंप्यूटिंग के खतरे और उससे निपटने के लिए सुरक्षित एल्गोरिदम और प्रोटोकॉल के विकास की आवश्यकता पर जोर दिया. सम्मेलन के समन्वयक श्री रौनक कुमार ने बताया कि कॉन्फ्रेंस में कुल 73 शोध पत्र प्राप्त हुए थे, जिनमें से “डबल ब्लाइंड पीयर रिव्यू ” प्रक्रिया के पश्चात 25 उत्कृष्ट शोध पत्रों को प्रस्तुत करने के लिए चुना गया. इन शोध पत्रों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, सस्टेनेबल एनर्जी, डेटा साइंस, नैनो-टेक्नोलॉजी और पोस्ट क्वांटम सिक्योरिटी जैसे समकालीन विषयों पर केंद्रित विचारों को सम्मिलित किया गया. सम्मेलन का आयोजन अभिषेक कुमार, डॉ. रफीक अहमद, वकार शाहिद, प्रीति कुमारी के द्वारा किया जा रहा है. इस क्रम में वकार शाहिद ने कहा कि इस प्रकार के सम्मेलनों से न केवल छात्रों और शोधार्थियों को नवीनतम ज्ञान प्राप्त होता है, बल्कि उन्हें अपने विचारों को मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर भी मिलता है. कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन रौनक कुमार ने किया.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >