West Champaran News: मझौलिया. थाना क्षेत्र में चोरों के बढ़ते दुस्साहस से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है. बीती रात नानोसती पुलिस चौकी से महज 500 मीटर के दायरे में चोरों ने एक के बाद एक तीन घरों को निशाना बनाया. घटनाओं में करीब 1.90 लाख रुपये नकद, 10 लाख रुपये से अधिक मूल्य के आभूषण और घरेलू सामान चोरी होने की बात सामने आयी है. वारदात के दौरान परिजनों को चाकू दिखाकर भयभीत करने की भी सूचना है.
जौकटिया में चंदा देवी के घर से डेढ़ लाख नकद और गहने चोरी
पहली घटना जौकटिया वार्ड नंबर-3 स्थित अहीर टोली में चंदा देवी के घर की बतायी जा रही है. जानकारी के अनुसार, चोर पीछे के रास्ते से घर में दाखिल हुए. इसके बाद परिजनों को चाकू का भय दिखाकर सोने-चांदी के आभूषण, कपड़े और करीब डेढ़ लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गये.
घटना के बाद परिवार के लोगों में भय का माहौल है. आसपास के ग्रामीणों ने भी पुलिस की रात्रि गश्ती व्यवस्था पर सवाल उठाये हैं.
रामनगर बनकट में ताला तोड़कर घर को बनाया निशाना
दूसरी घटना रामनगर बनकट के वार्ड नंबर-6 में संजू देवी के घर हुई. यहां चोरों ने घर का ताला तोड़कर प्रवेश किया और गहने, कपड़े तथा घरेलू सामान चोरी कर लिये.
स्थानीय लोगों के अनुसार, चोरों ने संजू देवी की नाइटी पहनकर दूसरी जगह भी वारदात की. हालांकि, इस दावे की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
मुन्ना यादव के घर से 40 हजार नकद और गहने चोरी
तीसरी घटना वार्ड नंबर-5 निवासी मुन्ना यादव के घर की बतायी जा रही है. यहां से करीब 40 हजार रुपये नकद और लगभग ढाई लाख रुपये मूल्य के आभूषण चोरी होने की जानकारी सामने आयी है.
एक ही रात में तीन घरों को निशाना बनाये जाने के बाद इलाके में चोरी की घटनाओं को लेकर ग्रामीणों की चिंता बढ़ गयी है.
डायल-112 की टीम पहुंची, पुलिस ने शुरू की जांच
लगातार तीन घरों में चोरी की सूचना मिलने के बाद डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच शुरू की. पुलिस ने घटनास्थल की स्थिति का जायजा लिया और चोरी से जुड़े तथ्यों को जुटाया.
ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस चौकी के इतने करीब लगातार वारदात होने से रात्रि गश्ती व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं.
जल्द उद्भेदन का थानाध्यक्ष ने दिया भरोसा
थानाध्यक्ष अमर कुमार ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है. पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही घटना का उद्भेदन कर दिया जायेगा.
फिलहाल पुलिस चोरी गये सामान, घटनास्थल और संदिग्ध गतिविधियों से जुड़ी जानकारी जुटाने में लगी है. एक साथ तीन घरों में चोरी की घटना के बाद ग्रामीणों में सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है.
यह भी पढ़ें: ऑनलाइन बुकिंग के बाद भी खाली हाथ लौट रहे किसान, यूरिया के लिए दुकान-दुकान भटकने की मजबूरी
