वन विभाग की कार्रवाई के दौरान बड़ा बवाल, JCB में आग, ग्रामीणों और विभाग के आरोप आमने-सामने छह घायल

पश्चिम चंपारण के वाल्मीकिनगर में वन भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान ग्रामीणों और वन विभाग के बीच हिंसक झड़प हो गई. गन्ने की फसल पर बुलडोजर चलाए जाने के बाद ग्रामीणों ने विरोध किया, जिससे JCB मशीन में आग लग गई और छह लोग घायल हो गए.

Valmikinagar News: पश्चिम चंपारण के वाल्मीकिनगर वन क्षेत्र के ठाड़ी गांव में गुरुवार को वन भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान बड़ा विवाद हो गया. गन्ने की फसल पर बुलडोजर चलाए जाने के बाद ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया. देखते ही देखते हालात तनावपूर्ण हो गए और इस दौरान एक JCB मशीन में आग लग गई. घटना के बाद पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है.

गन्ने की फसल पर कार्रवाई के बाद बढ़ा विवाद

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वन विभाग की टीम वन भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए ठाड़ी गांव पहुंची थी. कार्रवाई शुरू होते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और विरोध करने लगे.

कुछ ही देर में दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए. मौके पर धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई और अफरा-तफरी के बीच JCB मशीन आग की चपेट में आ गई.

छह ग्रामीण घायल, पुलिस ने संभाला मोर्चा

घटना में उत्तर मुखिया, लक्ष्मी नारायण, इंदल महतो, सरल मुखिया, जीत बहादुर और एक महिला समेत कुल छह ग्रामीण घायल हो गए. सभी का प्राथमिक उपचार कराया गया है.

सूचना मिलते ही वाल्मीकिनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. हालात की गंभीरता को देखते हुए बगहा एसडीपीओ निहार भूषण, एसएसबी कमांडेंट तपेश्वर संबित राउत और अतिरिक्त पुलिस बल को भी बुलाया गया.

पुलिस और एसएसबी ने काफी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रित किया और वन विभाग की टीम को सुरक्षित बाहर निकाला.

JCB में आग को लेकर दोनों पक्षों के अलग-अलग दावे

घटना के बाद आरोप-प्रत्यारोप भी शुरू हो गए हैं.

वन विभाग का दावा है कि उग्र ग्रामीणों ने JCB में आग लगाई, जबकि ग्रामीणों का आरोप है कि मशीन में आग स्वयं वन विभाग के कर्मियों ने लगाई.

फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के दावों की जांच कर रही है और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं.

पुलिस ने क्या कहा?

बगहा एसडीपीओ निहार भूषण ने बताया कि अतिक्रमण हटाने के दौरान विवाद की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में कर लिया गया.

उन्होंने कहा कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है. आवेदन मिलने के बाद मामले की निष्पक्ष जांच कर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.

सुरक्षा बढ़ाई गई, अभियान रहेगा जारी

घटना के बाद ठाड़ी गांव और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वन भूमि से अवैध अतिक्रमण हटाने का अभियान आगे भी जारी रहेगा.

साथ ही कानून हाथ में लेने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. मौके पर बगहा-2 के बीडीओ बिड्डू कुमार राम, आरओ रवि प्रकाश चौधरी सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Prabhat khabar news desk

Published by: Aaruni Thakur

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >