बेतिया. बिहार लोक सेवा आयोग की तृतीय शिक्षक भर्ती प्रतियोगिता परीक्षा में सफल व काउंसेलिंग प्रक्रिया पूरी कर चुके अभ्यर्थियों के इंतजार की घड़ियां समाप्त हो गईं हैं. रविवार नौ मार्च को जिला प्रेक्षागृह में समारोह पूर्वक इन सफल अभ्यर्थियों के बीच नियुक्ति पत्र वितरित किया जाएगा. जिले में इसकी तैयारी अंतिम चरण में है. शनिवार को शिक्षा विभाग के अधिकारी व कर्मी दिनभर तैयारियों को अंतिम रूप देने में लगे रहे. प्रभारी मंत्री करेंगे वितरण, उपस्थित रहेंगे माननीय शिक्षक अभ्यर्थियों के बीच नियुक्ति पत्र का वितरण जिले के प्रभारी मंत्री जनक राम करेंगे. इस अवसर पर जिले के सभी माननीयों को भी आमंत्रित किया गया है. मौके पर प्रशासनिक व शिक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहेंगे. 2551 शिक्षक अभ्यर्थियों को मिलेगा नियुक्ति पत्र बीपीएससी के तीसरे चरण में सफल व काउंसेलिंग प्रक्रिया पूरी कर चुके 2551 शिक्षक अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किया जाएगा.इसमें पहली से पांचवीं कक्षा के 1112, छठी से आठवीं के 274, नौवीं दसवीं के776 तथा 11 वीं व 12 वीं के 398 शिक्षक अभ्यर्थी शामिल हैं. जिला कार्यक्रम पदाधिकारी कुमार अनुभव ने बताया कि नियुक्ति पत्र वितरण की सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं.सुबह 10 बजे से प्रेक्षागृह में अभ्यर्थियों का प्रवेश शुरू होगा. प्रेक्षागृह में रौल नंबर के अनुसार अभ्यर्थियों के बैठने के लिए ए से जेड तक कुल 29 कतारें बनाई गईं हैं. प्रत्येक कतार के लिए अलग-अलग अधिकारी व कर्मी प्रतिनियुक्त किए गए हैं. डीपीओ ने बताया कि अभ्यर्थियों को काउंसेलिंग का मूल प्रमाण पत्र और एक फोटो युक्त पहचान पत्र लेकर आना अनिवार्य होगा. इसके बिना प्रेक्षागृह में इंट्री नहीं दी जाएगी. 11 बजे पटना में वितरण कार्यक्रम शुरू होने के बाद यहां भी वितरण कार्यक्रम शुरू होगा.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
