सेंट स्टीफेंस एकेडमी में आयोजित शिक्षक दिवस समारोह पर कार्यक्रम प्रस्तुत करते बच्चे | Prabhat Khabar Network

नन्हे कदमों से लेकर रंगारंग प्रस्तुतियों तक, सेंट स्टीफेंस एकेडमी में शिक्षकों के सम्मान में सजा मंच

बेतिया के सेंट स्टीफेंस एकेडमी में शिक्षक दिवस धूमधाम से मनाया गया। छात्रों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए शिक्षकों के प्रति अपना सम्मान व्यक्त किया।

बेतिया न्यूज: छावनी बानुछापर संत कबीर रोड स्थित सेंट स्टीफेंस एकेडमी में शिक्षक दिवस पर शनिवार को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया. विद्यालय परिसर में सुबह से ही उत्सव का माहौल रहा. विद्यार्थियों ने नृत्य, नाटक और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से शिक्षकों के प्रति सम्मान, प्रेम और कृतज्ञता का भाव व्यक्त किया.


रोशनी और शिवानी की एंकरिंग ने बांधा समां

कार्यक्रम का संचालन कक्षा 10वीं की छात्रा रोशनी और कक्षा 8वीं की छात्रा शिवानी ने प्रभावशाली अंदाज में किया. दोनों ने आत्मविश्वास के साथ कार्यक्रम को आगे बढ़ाया और अपनी एंकरिंग से दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया. समारोह की अन्य व्यवस्थाओं और संचालन में कक्षा 9वीं व 10वीं के विद्यार्थियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही.


नन्हे बच्चों ने अपनी प्रस्तुति से जीता दिल

कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत गान से हुई. इसके बाद प्री-प्राइमरी के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया. मासूम बच्चों की प्रस्तुति ने कार्यक्रम में मौजूद शिक्षकों और अभिभावकों का दिल जीत लिया. प्राथमिक वर्ग के विद्यार्थियों ने भी आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं.


कार्यक्रम प्रस्तुत करते बच्चे | Prabhat Khabar Network

नाटक में दिखाया गुरु का महत्व

सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने नाटक के माध्यम से शिक्षकों के महत्व को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया. नाटक में गुरु को माता-पिता के समान महत्वपूर्ण बताते हुए विद्यार्थियों ने उनके मार्गदर्शन और समर्पण को रेखांकित किया. इसके बाद जूनियर और सीनियर सेक्शन के विद्यार्थियों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने समारोह में और जोश भर दिया.


समारोह में नृत्य प्रस्तुत करते बच्चे | Prabhat Khabar Network

शिक्षक सिर्फ पढ़ाते नहीं, भविष्य भी गढ़ते हैं

मौके पर विद्यालय के प्रधानाचार्य विशाल विक्टर ने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों को केवल शिक्षा ही नहीं देते, बल्कि उनके व्यक्तित्व, संस्कार और भविष्य को दिशा देने का कार्य भी करते हैं. वहीं विद्यालय की निर्देशिका अनु मैम ने शिक्षकों के समर्पण की सराहना करते हुए विद्यार्थियों से सदैव अपने गुरुजनों का सम्मान करने की अपील की. समारोह के अंत में विद्यार्थियों ने शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया. शिक्षक दिवस का यह आयोजन विद्यार्थियों और शिक्षकों के बीच सम्मान, स्नेह और आत्मीयता का संदेश छोड़ गया.

समारोह में मौजूद छात्र छात्राएं | Prabhat Khabar Network

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By आलोक अगस्टीन

आलोक अगस्टीन ने वर्ष 2004 से पत्रकारिता में सक्रिय रहने के साथ पत्रकारिता व जनसंचार में माखनलाल से स्नातक तथा स्नातकोत्तर की पढ़ाई पूरी की हैं. नोएडा के साधना एकेडमी ऑफ मीडिया स्टडीज से फोटो एंड वीडियो जर्नलिज्म में डिप्लोमा के पश्चात 2015 में बेतिया प्रभात खबर से जुड़कर अबतक कार्य कर रहे हैं. इसके पूर्व बेतिया में ही हिन्दुस्तान के साथ साथ पटना के अनेक स्थानीय चैनलों में रिपोर्टर की भूमिका निभाई है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >