Bagaha News: भैरोगंज थाना क्षेत्र के उच्च विद्यालय भैरोगंज में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक शिक्षक ने 9वीं कक्षा के छात्र के बैग में देशी कट्टा देखा. शिक्षक ने तत्काल इसकी सूचना भैरोगंज थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस विद्यालय पहुंची और छात्र को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी.
शिक्षक की नजर पड़ी तो बैग में मिला कट्टा
विद्यालय में शिक्षक ने छात्र के बैग में हथियार देखा, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस के पहुंचने के बाद छात्र के बैग की जांच की गई, जिसमें एक देशी कट्टा बरामद हुआ.
पुलिस ने हथियार को जब्त कर छात्र को अपने कब्जे में ले लिया. घटना के बाद विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
यह भी पढ़ें: बोरे में छिपाकर नेपाल ले जा रहा था 105 किलो गांजा, बेतिया का आरोपी गिरफ्तार
हथियार कहां से मिला, पुलिस कर रही पूछताछ
भैरोगंज थानाध्यक्ष सीता केवट ने बताया कि छात्र से स्कूल में हथियार लाने के कारण और कट्टा कहां से मिला, इस संबंध में पूछताछ की जा रही है. पूछताछ के दौरान छात्र कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे रहा है.
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार छात्र तक कैसे पहुंचा और इसके पीछे किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं है.
परिजनों से भी की जा रही पूछताछ
बताया जाता है कि छात्र के पिता गोरखपुर में रहकर बस चलाते हैं. घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस छात्र के परिजनों से भी पूछताछ कर रही है.
जांच के दौरान पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नाबालिग छात्र के पास देशी कट्टा कहां से आया और उसने इसे विद्यालय तक क्यों पहुंचाया.
नाबालिग होने के कारण बाल सुधार गृह भेजने की तैयारी
थानाध्यक्ष सीता केवट ने बताया कि छात्र नाबालिग है. ऐसे में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे बाल सुधार गृह भेजने की तैयारी की जा रही है.
पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है और हथियार उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है.
यह भी पढ़ें: बोरे में छिपाकर नेपाल ले जा रहा था 105 किलो गांजा, बेतिया का आरोपी गिरफ्तार
