Bagaha News: पश्चिम चंपारण के पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने शुक्रवार को बगहा नगर थाना, रामनगर थाना तथा बगहा जिला कंट्रोल रूम का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना अभिलेखों, लंबित कांडों के निष्पादन, पुलिस कार्यप्रणाली, सुरक्षा व्यवस्था तथा विधि-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न पहलुओं की गहन समीक्षा की. उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों को लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने और सभी अभिलेख अद्यतन रखने का निर्देश दिया.
जिला कंट्रोल रूम में CCTV निगरानी व्यवस्था की समीक्षा
जिला कंट्रोल रूम के निरीक्षण के दौरान एसपी ने शहर में लगाए गए CCTV कैमरों के माध्यम से की जा रही निगरानी व्यवस्था का जायजा लिया. उन्होंने कहा कि निगरानी प्रणाली को और अधिक प्रभावी एवं सक्रिय बनाया जाए, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपात स्थिति की जानकारी मिलते ही पुलिस तत्काल कार्रवाई कर सके. साथ ही कैमरों की नियमित मॉनिटरिंग और तकनीकी व्यवस्था को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए.
थाना परिसर की साफ-सफाई और कार्यशैली की भी जांच
निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के रखरखाव, फरियादियों के साथ व्यवहार तथा पुलिसकर्मियों की कार्यशैली का भी निरीक्षण किया. उन्होंने अधिकारियों और कर्मियों को निर्देश दिया कि आम लोगों के साथ संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार करें तथा प्रत्येक शिकायत का त्वरित और निष्पक्ष निष्पादन सुनिश्चित करें.
अपराध नियंत्रण को लेकर दिया स्पष्ट संदेश
एसपी राजेश कुमार ने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है. अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी. पुलिसिंग को और अधिक जवाबदेह, पारदर्शी तथा जनहितैषी बनाने के लिए सभी अधिकारियों और कर्मियों को पूरी निष्ठा, सतर्कता एवं ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना होगा. उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की सुरक्षा और अपराध नियंत्रण के लिए आधुनिक तकनीक एवं CCTV निगरानी का अधिकतम उपयोग किया जाएगा.
अधिकारियों की रही मौजूदगी
निरीक्षण के दौरान बगहा एसडीएम चांदनी कुमारी, बगहा एसडीपीओ निहार भूषण, नगर थानाध्यक्ष शैलेश कुमार, रामनगर प्रभारी थानाध्यक्ष पंकज कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे.
यह भी पढ़ें: मुजफ्फरपुर बंद 2026 LIVE अपडेट: बंदी को लेकर प्रशासन अलर्ट, चौक-चौराहों पर भारी पुलिसबल तैनात
