भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी और पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 75 किलो गांजा बरामद

भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा बलों ने तस्करी के खिलाफ एक बड़े अभियान में 75.3 किलोग्राम गांजा जब्त किया है. एक अंतरराष्ट्रीय तस्कर को भी गिरफ्तार किया गया है, जिससे सीमावर्ती क्षेत्रों में हड़कंप मच गया है.

Border Ganja Seized: भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सुरक्षा बलों को एक बड़ी कामयाबी मिली है. 44वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल और बिहार पुलिस की संयुक्त टीम ने तड़के छापेमारी कर भारी मात्रा में मादक पदार्थ जब्त किया है. सुरक्षा बलों ने पचरौता तीन मोहानी पुल के पास चलाए गए संयुक्त रात्रि नाका चेकिंग अभियान के दौरान 75.3 किलोग्राम गांजा के साथ एक अंतरराष्ट्रीय तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है. एसएसबी से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार यह बड़ी कार्रवाई बुधवार सुबह करीब 02:20 बजे की गई है. इस कार्रवाई के बाद सीमाई इलाकों के तस्करों में हड़कंप मच गया है.

नेपाल से सिर पर बोरी लादकर आ रहा था तस्कर, नाकाबंदी में फंसा

यह सफलता सी समवाय पचरौता के कार्यक्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय सीमा स्तंभ संख्या 429 से लगभग 2.7 किलोमीटर भारतीय सीमा के अंदर मिली है. वहां निरीक्षक सामान्य जयप्रकाश के नेतृत्व में एसएसबी की टीम और बिहार पुलिस संयुक्त रूप से वाहनों एवं संदिग्ध व्यक्तियों की सघन जांच कर रही थी. इसी दौरान नेपाल की ओर से एक संदिग्ध व्यक्ति सिर पर भारी बोरी लेकर भारतीय क्षेत्र की तरफ आता दिखाई दिया. संदेह होने पर मुस्तैद जवानों ने उसे रुकने को कहा और घेराबंदी कर उसे दबोच लिया. जब बोरी की तलाशी ली गई तो उसके अंदर से पैकेटों में बंद कुल 75.3 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ.

पश्चिम चंपारण का रहने वाला है आरोपी, भंगाहा पुलिस को सौंपा

पूछताछ में गिरफ्तार तस्कर की पहचान रविन्द्र यादव उम्र 39 वर्ष के रूप में हुई है. वह पश्चिम चंपारण जिले के मानपुर थाना क्षेत्र के खैरवा टोला, दमरपुर का रहने वाला निवासी है. प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह नेपाल से कम दाम में गांजा लाकर भारतीय बाजारों में ऊंचे दामों पर बेचने की फिराक में था, ताकि मोटी रकम कमा सके. कार्रवाई पूरी होने के बाद एसएसबी ने जब्त गांजे और गिरफ्तार तस्कर को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए भंगाहा थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया है. पुलिस ने मामले में एनडीपीएस अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

गणेश ने अपनी पत्रकारिता यात्रा की शुरुआत 2014 में गोरखपुर स्थित हिंदुस्तान अखबार से की। तब से लगातार मुख्यधारा मीडिया में सक्रिय रहकर उन्होंने रिपोर्टिंग से लेकर संपादकीय दायित्वों तक का अनुभव हासिल किया है। फिलहाल वे प्रभात खबर से जुड़े हैं और पश्चिम चम्पारण जिले में बतौर ब्यूरो चीफ कार्यरत हैं।

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >