Bagaha News: बगहा अनुमंडल पदाधिकारी बगहा चांदनी कुमारी ने सोमवार को रामनगर नगर परिषद क्षेत्र में संचालित जन वितरण प्रणाली की दो दुकानों एवं सात आंगनबाड़ी केंद्रों का औचक निरीक्षण किया. जांच के दौरान कई आंगनबाड़ी केंद्रों और पीडीएस दुकानों में अनियमितता सामने आयी. आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 298 नारायणपुर में बच्चों के लिए तैयार पोषाहार की गुणवत्ता जांचने के लिए एसडीएम ने स्वयं भोजन चखकर जायजा लिया. वहीं कई केंद्रों पर भोजन नहीं बनने, केंद्र बंद रहने और सेविका के अनुपस्थित रहने की स्थिति मिली. मामले में संबंधित सेविकाओं और पीडीएस दुकानदारों से स्पष्टीकरण मांगा गया है.
कहीं केंद्र बंद मिला तो कहीं नहीं बना बच्चों का भोजन
जांच के दौरान आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 199 चखनी चर्च टोला में सेविका सलोनी मनोज एवं सहायिका मंजू देवी उपस्थित मिलीं, लेकिन केंद्र पर भोजन नहीं बनाया जा रहा था. नारायणपुर वार्ड संख्या पांच में सेविका रंजू देवी अनुपस्थित मिलीं, जबकि सहायिका मौजूद थीं. यहां भी भोजन नहीं बनाया जा रहा था.
चखनी रजवटिया स्थित केंद्र संख्या 198 पर सेविका शांति देवी एवं सहायिका बासमती देवी उपस्थित मिलीं, लेकिन बच्चों के लिए भोजन नहीं बनाया गया था.
दो आंगनबाड़ी केंद्र मिले बंद
छोटकी पट्टी वार्ड संख्या 11 स्थित आंगनबाड़ी केंद्र के निरीक्षण के दौरान केंद्र बंद मिला. वहीं छोटकी पट्टी वार्ड संख्या 13 के केंद्र संख्या 306 में भी सेविका नीलू चौधरी का केंद्र बंद पाया गया. यहां सहायिका का पद भी रिक्त मिला.
केंद्र संख्या 68 बड़गांव दक्षिण, वार्ड संख्या 10 में सेविका मोती कुमारी उपस्थित मिलीं, लेकिन सहायिका का पद रिक्त था. केंद्र में भोजन भी नहीं बनाया जा रहा था.
एसडीएम ने खुद चखा बच्चों का पोषाहार
नगर परिषद बगहा के आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 298 नारायणपुर की जांच के दौरान एसडीएम ने तैयार पोषाहार की गुणवत्ता परखी. उन्होंने स्वयं भोजन चखकर उसकी गुणवत्ता का जायजा लिया. भोजन में कमियां मिलने पर सेविका को चेतावनी दी गयी. अन्य अनियमितताओं को लेकर सेविका एवं सहायिका से स्पष्टीकरण मांगा गया है.
पीडीएस की दुकानों में भी मिली अनियमितता
निरीक्षण के दौरान जन वितरण प्रणाली विक्रेता अरुण कुमार गुप्ता की दुकान पर स्टॉक की जांच की गयी. दुकान में 72 क्विंटल चावल एवं एक क्विंटल गेहूं का स्टॉक पाया गया.
वहीं अनुज्ञप्ति संख्या 02/2022 के तहत संचालित पीडीएस विक्रेता मो. फैयाज अंसारी की दुकान बंद मिली. दोनों पीडीएस विक्रेताओं से स्थिति को लेकर स्पष्टीकरण मांगा जा रहा है.
सीडीपीओ को जांच कर कार्रवाई का निर्देश
एसडीओ चांदनी कुमारी ने सभी अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित सेविकाओं से स्पष्टीकरण मांगने का निर्देश दिया है. साथ ही सीडीपीओ बगहा-1 एवं बगहा-2 को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के लिए निर्देशित किया गया है.
यह भी पढ़ें: भोलेनाथ के दर्शन को जा रहे थे श्रद्धालु, जंगल के रास्ते में अचानक सामने आ गए दो भालू
