Safai Karmi Strike: ऑल इंडिया म्युनिसिपल वर्कर्स एसोसिएशन के बैनर तले नगर पंचायत लौरिया के सफाईकर्मियों की दो सूत्री मांगों को लेकर राज्यव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल शुक्रवार को तीसरे दिन भी जारी रही. इस दौरान सफाईकर्मियों ने नगर पंचायत कार्यालय से विरोध मार्च निकालकर प्रभु चौक गोलंबर पर मुख्यमंत्री का पुतला फूंका और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की.
नियमितीकरण और सेवा सुरक्षा की मांग
सभा को संबोधित करते हुए एसोसिएशन की राज्य कमेटी सदस्य रीता रवि ने कहा कि दैनिक वेतनभोगी, संविदा और आउटसोर्स सफाईकर्मियों का नियमितीकरण कर सेवा सुरक्षा की गारंटी दी जाए. साथ ही नगर निकायों में आउटसोर्स व्यवस्था समाप्त कर स्थायी नियुक्ति लागू की जाए.
उन्होंने कहा कि सफाईकर्मी कम मानदेय और असुरक्षित परिस्थितियों में कार्य कर रहे हैं. ऐसे में सरकार को जल्द वार्ता कर उनकी समस्याओं का समाधान निकालना चाहिए.
बड़ी संख्या में शामिल हुए सफाईकर्मी
प्रदर्शन में पिंकी देवी, नत्थू राउत, रीना देवी, स्पून देवी, शमा देवी, मिठाई राउत, चंदन कुमार, सावन कुमार सहित बड़ी संख्या में सफाईकर्मी शामिल हुए.
