Rotary Club Bettiah Town: रोटरी क्लब बेतिया टाउन का पांचवां स्थापना एवं पदस्थापन समारोह शनिवार शाम शहर के सुप्रिया रोड स्थित एक होटल में आयोजित किया गया. समारोह में वर्ष 2026-27 के लिए नई कार्यकारिणी ने विधिवत पदभार ग्रहण किया.
इस अवसर पर अमरेंद्र कुमार सिंह ने क्लब के अध्यक्ष और राजेश रंजन ने सचिव के रूप में कार्यभार संभाला.
राष्ट्रगान और दीप प्रज्ज्वलन से हुई शुरुआत
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत, राष्ट्रगान और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ. इंटरैक्ट क्लब बेतिया टाउन के सदस्यों ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया.
निवर्तमान अध्यक्ष डॉ. मदन बनिक ने स्वागत भाषण देते हुए वर्ष 2025-26 के दौरान क्लब की उपलब्धियों की जानकारी दी. वर्ष 2024-25 में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सदस्यों को भी सम्मानित किया गया.
नई कार्यकारिणी ने रखा अपना विजन
नवनिर्वाचित अध्यक्ष अमरेंद्र कुमार सिंह ने वर्ष 2026-27 के लिए क्लब का विजन प्रस्तुत किया. उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, रक्तदान, सामाजिक सेवा और जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रमों को प्राथमिकता दी जाएगी.
वहीं, सचिव राजेश रंजन ने आगामी वर्ष की कार्ययोजना और प्रस्तावित परियोजनाओं की जानकारी साझा की.
नए सदस्यों का हुआ स्वागत
समारोह के दौरान रोटरी क्लब के नए सदस्यों को सदस्यता दिलाई गई. साथ ही इंटरैक्ट क्लब बेतिया टाउन के नए सदस्यों का परिचय भी कराया गया.
इस अवसर पर मुख्य अतिथि पीडीजी विपिन चचान और विशिष्ट अतिथि असिस्टेंट गवर्नर रोटेरियन सुजय कुमार सिन्हा ने रोटरी की सेवा भावना और सामाजिक दायित्वों पर अपने विचार रखे.
समाजसेवा के कार्यों की हुई सराहना
समारोह में अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद सदर एसडीएम विकास कुमार ने रोटरी क्लब द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना की और समाजहित में ऐसे प्रयासों को महत्वपूर्ण बताया.
कार्यक्रम के अंत में रोटेरियन रवि जैन ने सभी अतिथियों और उपस्थित लोगों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया.
