नौतन के खलवा खाप टोला में नल-जल पाइपलाइन लीक, सड़क पर जलजमाव से आक्रोशित ग्रामीणों का प्रदर्शन

पूर्वी नौतन पंचायत में नल-जल योजना की पाइपलाइन टूटने से सड़कों पर गंभीर जलजमाव की स्थिति बन गई है। इससे नाराज ग्रामीणों ने पीएचईडी विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया है और तत्काल मरम्मत की मांग की है।

Nautan Pipeline Leakage:  नौतन प्रखंड की पूर्वी नौतन पंचायत के वार्ड संख्या-2 स्थित खलवा खाप टोला में पिछले कई दिनों से नल-जल योजना की मुख्य पाइपलाइन बुरी तरह लीक हो रही है. इस लीकेज के कारण पूरी सड़क पर भारी जलजमाव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है. इस प्रशासनिक लापरवाही से नाराज होकर दर्जनों ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर पीएचईडी विभाग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया. ग्रामीणों ने अपनी नाराजगी जताते हुए जिला प्रशासन से क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की जल्द से जल्द मरम्मत कराने की मांग की है.

आधा दर्जन जगहों पर टूटी पाइपलाइन, घरों के बदले सड़क पर बह रहा पानी

प्रदर्शन में शामिल ग्रामीण अविनाश पटेल, संतोष कुमार, गोलू गोल्ड, शिव बालक पटेल, उमेश शर्मा, योगेंद्र पटेल, अंकित कुमार, अच्छे लाल पटेल और रितिक कुमार ने बताया कि वार्ड संख्या-2 में करीब आधा दर्जन से अधिक स्थानों पर नल-जल की पाइपलाइन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है. इसके कारण जो पानी लोगों के घरों की टंकियों तक पहुंचना चाहिए था, वह चौबीसों घंटे सड़कों पर बह रहा है. पाइपलाइन से लगातार हो रहे पानी के तेज बहाव के कारण पूरे मोहल्ले में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं और घुटने भर पानी जमा हो गया है.

राहगीरों और स्कूली बच्चों का आवागमन प्रभावित, विभाग बेपरवाह

ग्रामीणों का साफ कहना है कि मुख्य सड़क पर लंबे समय से पानी जमा रहने के कारण स्थानीय निवासियों और राहगीरों को आवागमन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. जलजमाव की वजह से सड़क पर कीचड़ फैल गया है, जिससे आए दिन बाइक और साइकिल सवार फिसलकर चोटिल हो रहे हैं. सबसे ज्यादा परेशानी स्कूल जाने वाले छोटे बच्चों और बुजुर्गों को हो रही है. ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि विभाग ने जल्द ही सुध नहीं ली और लीकेज को ठीक नहीं किया, तो वे आगे उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >