Bettiah News: बिहार पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना के तहत शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है. बिहार के स्थायी निवासी मैट्रिक उत्तीर्ण छात्र-छात्राएं 15 जुलाई से 15 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. शिक्षा विभाग ने सभी पात्र विद्यार्थियों से समय सीमा के भीतर आवेदन करने की अपील की है.
Bettiah News: इन विद्यार्थियों को मिलेगा योजना का लाभ
जिला शिक्षा कार्यालय में छात्रवृत्ति के नोडल पदाधिकारी सह अपर कार्यक्रम पदाधिकारी नरेंद्र कुमार ने बताया कि योजना का लाभ बिहार के पिछड़ा वर्ग, अत्यंत पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के नियमित विद्यार्थियों को मिलेगा. आवेदन के लिए अभ्यर्थी का किसी मान्यता प्राप्त शिक्षण संस्थान में नियमित रूप से अध्ययनरत होना अनिवार्य है.
तीन लाख रुपये तक आय सीमा निर्धारित
उन्होंने बताया कि सभी पात्र वर्गों के लिए वार्षिक पारिवारिक आय की अधिकतम सीमा तीन लाख रुपये निर्धारित की गई है. आवेदन के दौरान सभी आवश्यक दस्तावेज सही तरीके से अपलोड करना होगा, ताकि सत्यापन में किसी प्रकार की परेशानी न हो.
सत्यापन के लिए अधिकारियों को दिया गया प्रशिक्षण
आवेदन प्रक्रिया को त्रुटिरहित बनाने के लिए जिला शिक्षा कार्यालय सभागार में 16, 17 और 18 जुलाई को दो-दो पालियों में प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई. इसमें सरकारी एवं मान्यता प्राप्त शिक्षण संस्थानों के प्राचार्यों और नोडल अधिकारियों को आवेदन सत्यापन की पूरी प्रक्रिया समझाई गई.
पिछले वर्ष हजारों आवेदन हुए थे निरस्त
नरेंद्र कुमार ने बताया कि पिछले वर्ष जिले से 50 हजार से अधिक आवेदन प्राप्त हुए थे. इनमें तकनीकी त्रुटियों और सत्यापन में कमी के कारण चार हजार से अधिक आवेदन निरस्त हो गए थे. इस वर्ष सभी संस्थानों को विशेष सतर्कता बरतने और सही सत्यापन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है, ताकि पात्र विद्यार्थियों को समय पर छात्रवृत्ति मिल सके.
यह भी पढ़ें: दहेज के लिए विवाहिता की हत्या, गन्ने के खेत से शव बरामद, पति गिरफ्तार
