Police Didi Program: नरकटियागंज के गोदावरी देवी रामचंद्र प्रसाद सरस्वती विद्या मंदिर में छात्राओं की सुरक्षा, जागरूकता और आत्मरक्षा को लेकर 'पुलिस दीदी कार्यक्रम' का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में शिकारपुर थाना की पुलिस टीम ने छात्राओं को व्यक्तिगत सुरक्षा और विपरीत परिस्थितियों में स्वयं का बचाव करने के व्यावहारिक तरीके बताए.
कार्यक्रम में कक्षा पांचवीं से दसवीं तक की छात्राओं ने उत्साह के साथ भाग लिया.
दीप प्रज्वलन के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के अध्यक्ष वर्मा प्रसाद और प्रधानाचार्य वाणी कांत झा ने दीप प्रज्वलित कर किया.
इसके बाद पुलिस पदाधिकारियों ने छात्राओं से संवाद करते हुए उन्हें सुरक्षा के प्रति सजग रहने, अनजान लोगों से सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति में सही निर्णय लेने के बारे में जानकारी दी.
आत्मरक्षा की तकनीकों का कराया अभ्यास
पुलिस टीम ने छात्राओं को आत्मरक्षा की कई उपयोगी तकनीकों का अभ्यास भी कराया. अधिकारियों ने कहा कि किसी भी संकट की स्थिति में घबराने के बजाय साहस, सतर्कता और समझदारी से काम लेना चाहिए.
उन्होंने यह भी बताया कि जरूरत पड़ने पर तुरंत पुलिस या किसी विश्वसनीय व्यक्ति से संपर्क कर सहायता लेनी चाहिए.
विद्यालय प्रबंधन ने जताया आभार
विद्यालय के अध्यक्ष वर्मा प्रसाद और प्रधानाचार्य वाणी कांत झा ने पुलिस टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम छात्राओं में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ सुरक्षा के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं.
शिक्षक-शिक्षिकाएं भी रहे मौजूद
कार्यक्रम में शिशु मंदिर खंड के प्रभारी अभय तिवारी, मीडिया प्रभारी नितेश कुमार वर्मा, प्रेमचंद्र मिश्रा, श्यामबिहारी सिंह, कलाधर पाठक, दिनेश प्रसाद, मेघना खर्दवाल, सोनी कुमारी, स्मिता कुमारी, नीता मेहता, रजनी कुमारी और सबिता कुमारी सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं.
