Bettiah News: पश्चिम चंपारण के नौतन प्रखंड स्थित धूम नगर ग्राम पंचायत के माध्यमिक विद्यालय प्लस टू का नवनिर्मित भवन उद्घाटन के करीब नौ महीने बाद भी विद्यालय प्रशासन को हैंडओवर नहीं किया गया है. इसका असर सीधे 554 छात्र-छात्राओं की पढ़ाई पर पड़ रहा है. पर्याप्त कक्षाओं के अभाव में बच्चों को दरी पर बैठाकर पढ़ाया जा रहा है.
उद्घाटन के बाद भी नहीं मिला भवन
विद्यालय के नए भवन का उद्घाटन 11 दिसंबर 2025 को तत्कालीन मंत्री सह स्थानीय विधायक नारायण प्रसाद ने किया था. उस समय संवेदक लक्ष्मण सिंह ने 15 दिनों के भीतर भवन विद्यालय को सौंपने का आश्वासन दिया था.
हालांकि, करीब नौ महीने बीत जाने के बावजूद भवन का हैंडओवर नहीं हो सका है.
कई बार पत्र, फिर भी नहीं हुई कार्रवाई
विद्यालय की प्रधानाध्यापिका रश्मि रम्मा कुमारी ने भवन उपलब्ध कराने के लिए कई बार जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) और स्थापना कार्यालय को पत्र भेजा. इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो सका.
विधायक ने डीडीसी से किया हस्तक्षेप का आग्रह
मामले को गंभीर मानते हुए विधायक नारायण प्रसाद ने उप विकास आयुक्त (डीडीसी) को पत्र भेजकर भवन को जल्द विद्यालय प्रशासन को उपलब्ध कराने और आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है.
विद्यालय प्रबंध समिति ने जताई नाराजगी
विद्यालय प्रबंध समिति की बैठक अध्यक्ष नीरज उर्फ बबलू कुमार की अध्यक्षता में हुई. बैठक में सदस्यों ने संवेदक की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए कहा कि भवन तैयार होने के बावजूद छात्रों को उसका लाभ नहीं मिल पा रहा है.
सदस्य बैद्यनाथ प्रसाद, प्रभु राम, अफरोज आलम, चंद्रमा सिंह और अनिल कुमार ने कहा कि भवन हैंडओवर में हो रही देरी से छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है.
संवेदक से संपर्क नहीं हो सका
समिति ने जिला प्रशासन से भवन जल्द विद्यालय को सौंपने और संवेदक के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है. वहीं, इस संबंध में संवेदक लक्ष्मण सिंह से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका पक्ष प्राप्त नहीं हो सका.
