नौतन में उद्घाटन के 9 माह बाद भी स्कूल को नहीं मिला नया भवन, दरी पर पढ़ने को मजबूर 554 छात्र

नौतन प्रखंड के धूम नगर ग्राम पंचायत में माध्यमिक विद्यालय प्लस टू का नया भवन नौ माह बाद भी प्रशासन को हैंडओवर नहीं किया गया है. इससे 554 छात्र-छात्राएं दरी पर बैठकर पढ़ाई करने को मजबूर हैं. विधायक ने भी की कार्रवाई की मांग.

Bettiah News: नौतन प्रखंड की धूम नगर ग्राम पंचायत स्थित माध्यमिक विद्यालय प्लस टू का नवनिर्मित भवन उद्घाटन के करीब नौ माह बाद भी विद्यालय प्रशासन को हैंडओवर नहीं किया गया है. इसके कारण विद्यालय के 554 छात्र-छात्राओं की पढ़ाई दरी पर बैठाकर कराई जा रही है, जिससे पठन-पाठन प्रभावित हो रहा है.

विद्यालय भवन का उद्घाटन 11 दिसंबर 2025 को पूर्व मंत्री सह विधायक नारायण प्रसाद ने किया था. उस समय संवेदक लक्ष्मण सिंह ने 15 दिनों के भीतर भवन विद्यालय प्रशासन को सौंपने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी.

कई बार पत्राचार के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई

विद्यालय की प्रधानाध्यापिका रश्मि रम्मा कुमारी ने बताया कि भवन उपलब्ध कराने के लिए जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) और स्थापना कार्यालय को कई बार पत्र भेजा गया, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई.

मामले को गंभीरता से लेते हुए विधायक नारायण प्रसाद ने उप विकास आयुक्त (डीडीसी) को पत्र लिखकर भवन को अविलंब विद्यालय को हैंडओवर कराने और संबंधित संवेदक के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है.

विद्यालय प्रबंध समिति ने जताई नाराजगी

विद्यालय प्रबंध समिति की बैठक अध्यक्ष नीरज उर्फ बबलू कुमार की अध्यक्षता में आयोजित हुई. बैठक में सदस्यों ने भवन हैंडओवर में हो रही देरी पर नाराजगी जताई और कहा कि इससे छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है.

सदस्य बैद्यनाथ प्रसाद, प्रभु राम, अफरोज आलम, चंद्रमा सिंह और अनिल कुमार ने जिला प्रशासन से मांग की कि संवेदक के खिलाफ कार्रवाई करते हुए भवन जल्द से जल्द विद्यालय को सौंपा जाए. वहीं, इस संबंध में संवेदक लक्ष्मण सिंह से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Raj kumar paswan

राजकुमार पासवान वर्ष 2001 से पश्चिम चंपारण के नौतन प्रखंड में सक्रिय पत्रकारिता कर रहे हैं. इन्होंने दस्यु सरगनाओं के आतंक, कानून-व्यवस्था और सामाजिक सरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाकर अपनी अलग पहचान बनाई. वर्तमान में वे प्रभात खबर से संवाददाता के रूप में जुड़े हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >