Bettiah Dowry Death: जिले के श्रीनगर पूजहाँ थाना क्षेत्र के भवानीपुर वार्ड संख्या 5 में शादी के महज तीन महीने बाद 19 वर्षीय नवविवाहिता पूजा देवी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर बुलेट बाइक और सोने की चेन के लिए गला दबाकर हत्या करने का संगीन आरोप लगाया है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.
बुलेट और सोने की चेन की मांग को लेकर प्रताड़ना का आरोप
मृतका पूजा देवी, अंगद मुखिया की पुत्री थी, जिसकी शादी तीन महीने पहले भवानीपुर निवासी भोला चौधरी से हुई थी. मृतका की बुआ उषा देवी ने बताया कि विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष बुलेट और सोने की चेन की मांग कर रहा था. परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण मांग पूरी नहीं हो सकी, जिससे पूजा को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था.
निजी क्लिनिक में इलाज के दौरान मौत, जांच में जुटी पुलिस
आरोप है कि मंगलवार को पति, ससुर, सास समेत अन्य परिजनों ने मिलकर पूजा के साथ मारपीट की और गला दबाने का प्रयास किया. गंभीर हालत में उसे इलाज के लिए निजी क्लिनिक में भर्ती कराया गया, जहां बुधवार तड़के उसकी मौत हो गई. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया. थानाध्यक्ष का कहना है कि परिजनों के आवेदन और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें: बगहा: साइबर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन, छात्रों को बताए गए सुरक्षा के गुर
