West Champaran News: रामनगर नगर के नारायणपुर वार्ड संख्या-8 स्थित एक निजी अस्पताल में प्रसव के दौरान नवजात शिशु की मौत के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया. घटना से नाराज परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा करते हुए अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.
सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए मामले की जांच शुरू की.
प्रसव के दौरान हुई नवजात की मौत
मृत नवजात की मां की पहचान गोवर्धना थाना क्षेत्र के पथरी गांव निवासी धन्नो चौधरी की पत्नी मिनकी देवी के रूप में हुई है.
परिजनों का आरोप है कि झोलाछाप दीपिका देवी उर्फ देवी जी की लापरवाही के कारण प्रसव के दौरान नवजात की मौत हुई. यह आरोप परिजनों ने लगाया है, जिसकी जांच पुलिस करेगी.
अस्पताल में मचा हड़कंप
घटना के बाद अस्पताल परिसर में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा. आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कार्रवाई की मांग की.
पुलिस ने परिजनों को समझाकर स्थिति शांत कराई और घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई.
आवेदन मिलने के बाद होगी कार्रवाई
प्रभारी थानाध्यक्ष ने बताया कि परिजनों से आवेदन मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
इस घटना के बाद क्षेत्र में निजी अस्पतालों की कार्यप्रणाली को लेकर भी कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.
