Bettiah News: नीट पेपर लीक के विरोध में शनिवार को प्रस्तावित छात्र-युवा आंदोलन को लेकर पश्चिमी चंपारण जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है. बेतिया में छात्र-युवा संगठनों ने शहीद पार्क से कलेक्ट्रेट तक शांतिपूर्ण मार्च निकालने का आह्वान किया है. संभावित स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी है.
संवेदनशील स्थलों पर बढ़ाई गई सुरक्षा
पुलिस अधीक्षक कुमार गौतम के निर्देश पर बेतिया शहर सहित जिले के सभी अनुमंडलों और प्रखंडों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है. प्रशासन के अनुसार त्वरित कार्रवाई दल (QRT), विशेष गश्ती दल और दंडाधिकारियों की भी प्रतिनियुक्ति की गई है. शहीद पार्क, तीन लालटेन चौक, समाहरणालय, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, सरकारी कार्यालयों, प्रमुख शिक्षण संस्थानों तथा अन्य संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है. सभी थाना प्रभारियों को लगातार गश्त करने और कानून-व्यवस्था पर पैनी नजर रखने का निर्देश दिया गया है.
आंदोलनकारी संगठनों ने की शांतिपूर्ण भागीदारी की अपील
छात्र-युवा संगठनों ने आम लोगों, अभिभावकों और युवाओं से शांतिपूर्ण ढंग से आंदोलन में शामिल होने की अपील की है. आंदोलनकारियों की प्रमुख मांगों में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा, पेपर लीक रोकने के लिए कठोर कानून, आंदोलनकारी छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने तथा नीट पेपर लीक के बाद आत्महत्या करने वाले 21 छात्रों के परिजनों को मुआवजा देने की मांग शामिल है.
सोशल मीडिया अफवाहों से बचने की सलाह
जिला प्रशासन ने लोगों से सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और भ्रामक संदेशों से सतर्क रहने की अपील की है. प्रशासन ने कहा है कि केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें. कानून-व्यवस्था भंग करने, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने या शांति व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
