Bettiah News: नीट पेपर लीक के विरोध में घोषित बिहार बंद के समर्थन में शनिवार को ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) और आरवाईए के बैनर तले बेतिया में प्रतिरोध मार्च निकाला गया. मार्च शहीद पार्क से शुरू होकर कलेक्ट्रेट तक पहुंचा, जहां छात्र-युवाओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी विभिन्न मांगें उठाईं.
Student Protest: शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की उठी मांग
प्रतिरोध मार्च में फरहान अंसारी, सुरेंद्र चौधरी सहित कई छात्र और युवा नेता शामिल हुए. प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए पेपर लीक रोकने संबंधी कठोर कानून बनाया जाना चाहिए.
छात्रों से जुड़े मुद्दों पर सरकार को घेरा
प्रदर्शनकारियों ने नीट पेपर लीक मामले से जुड़े आंदोलनकारी छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग की. साथ ही पेपर लीक के बाद आत्महत्या करने वाले 21 छात्रों के परिजनों को मुआवजा देने की मांग भी उठाई. वक्ताओं ने कहा कि छात्रों के भविष्य से जुड़े मामलों में सरकार को संवेदनशील रवैया अपनाना चाहिए.
सुरक्षा व्यवस्था रही कड़ी
मार्च को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा. किसी भी प्रकार की विधि-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न न हो, इसके लिए एसडीएम विकास कुमार, एसडीपीओ अजीत कुमार, ट्रैफिक डीएसपी अतनु दत्ता, नगर थानाध्यक्ष धीरज कुमार सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी. प्रशासन की निगरानी में प्रतिरोध मार्च शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ.
यह भी पढ़ें: लौरिया-बगहा NH पर स्कार्पियो और टेम्पू की टक्कर, चालक गंभीर घायल
