Ramnagar Shiv Temple: श्रावण मास के प्रथम दिन रामनगर का ऐतिहासिक नीलकंठ नर्मदेश्वर महादेव मंदिर शिवभक्ति के रंग में सराबोर हो उठा. अहले सुबह से ही "हर-हर महादेव" और "बोल बम" के जयघोष से पूरा मंदिर परिसर गुंजायमान रहा. श्रद्धालुओं की भारी भीड़ बाबा भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए उमड़ पड़ी. हजारों श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर पवित्र जल, बेलपत्र, धतूरा और पुष्प अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की.
मंत्री सह विधायक नंदकिशोर राम ने की पूजा-अर्चना
मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग के मंत्री सह स्थानीय विधायक नंदकिशोर राम ने भी मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से भगवान शिव का जलाभिषेक किया. उन्होंने प्रदेश और क्षेत्रवासियों की खुशहाली व उत्तम स्वास्थ्य की कामना करते हुए कहा कि सावन माह शिव आराधना का पावन अवसर है, जो जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है.
सोमवार व शुक्रवार को पहुंचेगा कांवरियों का जत्था:
- जल यात्रा: पुजारी अमित उपाध्याय ने बताया कि सावन में हर सोमवार और शुक्रवार को वाल्मीकिनगर स्थित गंडक नदी से पवित्र जल लेकर कांवरियों का विशाल जत्था बाबा नर्मदेश्वर का जलाभिषेक करता है.
- श्रद्धालुओं का तांता: सावन के पहले दिन ही हजारों श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की.
कई गणमान्य लोग रहे मौजूद
पूजा-अर्चना के दौरान ब्रांड एम्बेसडर सदाकांत शुक्ल, वरीय भाजपा नेता सूर्य सिंह, शिक्षक संदीप मिश्रा, पंकज झुनझुनवाला, राजेश तुलस्यान, जनक साह, उमेश राम, संजय मिश्र, अजीत गुप्ता, उपेंद्र श्रीवास्तव और दीप्ति तिवारी सहित कई कार्यकर्ता व श्रद्धालु उपस्थित रहे.
ये भी पढ़ें: वाल्मीकिनगर: वनकर्मी की जांबाजी से बची अधेड़ की जान, बाघ से भिड़कर अकलू यादव को सुरक्षित निकाला
