Bettiah: मुजौना स्कूल में तालाबंदी, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, लापरवाही और फंड गड़बड़ी के आरोप

स्कूल में पढ़ाई ठप, फंड गड़बड़ी के आरोप और फिर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा. नरकटियागंज में स्कूल पर ताला जड़ दिया गया. जानिए पूरा मामला…

Bettiah News: नरकटियागंज प्रखंड के डीके शिकारपुर पंचायत अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय मुजौना में गुरुवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा. विद्यालय की व्यवस्था से नाराज ग्रामीणों ने स्कूल के गेट पर ताला जड़कर विरोध प्रदर्शन किया.

प्रधान शिक्षक पर अनुपस्थिति और लापरवाही का आरोप

ग्रामीणों ने प्रधान शिक्षक पर लापरवाही, फंड के दुरुपयोग और शिक्षा व्यवस्था में अनियमितता के गंभीर आरोप लगाए. मौके पर मौजूद मुखिया राहुल जायसवाल ने भी आरोपों का समर्थन करते हुए कहा कि स्कूल में पढ़ाई महज औपचारिकता बनकर रह गई है. बच्चों की नियमित उपस्थिति नहीं होती और कई बार प्रधान शिक्षक भी बिना सूचना के अनुपस्थित रहते हैं. गुरुवार को भी प्रधान शिक्षक अबुलैस अंसारी स्कूल में मौजूद नहीं थे.

मिड-डे मील और फंड के दुरुपयोग

ग्रामीणों ने मिड-डे मील योजना में गड़बड़ी का आरोप लगाया. उनका कहना है कि भोजन निर्धारित मेनू के अनुसार नहीं बनता और गुणवत्ता भी खराब रहती है. स्कूल का शौचालय बंद रहने से बच्चों को परेशानी होती है.

इसके अलावा विद्यालय फंड के दुरुपयोग और टीसी के नाम पर 200 से 400 रुपये तक वसूली का भी आरोप लगाया गया. ग्रामीणों का कहना है कि शिकायत करने पर उन्हें धमकाया जाता है और अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है.

पुलिस के हस्तक्षेप के बाद खुला ताला,

करीब तीन घंटे तक चले विरोध के बाद शिकारपुर थानाध्यक्ष ज्वाला सिंह के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ और ताला खोल दिया गया. थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की सूचना शिक्षा विभाग को दे दी गई है और जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

नरकटियागंज से सतीश कुमार पांडेय की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sarfaraz Ahmad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >