Narkatiaganj News: शिकारपुर थाना क्षेत्र के सतवरिया गांव में बुधवार को 19 वर्षीय विवाहिता का शव घर में फंदे से लटका मिला. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी.
मृतका की पहचान सतवरिया गांव निवासी रिजवान अंसारी की पत्नी गजाला खातून (19) के रूप में हुई है.
बाइक की चाबी को लेकर हुआ था विवाद
स्थानीय लोगों के अनुसार गजाला और रिजवान के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था. दोनों ने करीब ढाई महीने पहले निकाह किया था और इसके बाद सतवरिया गांव में साथ रह रहे थे.
बताया जा रहा है कि बुधवार को रिजवान के छोटे भाई नबी आलम ने बाइक की चाबी मांगी. परिजनों के अनुसार रिजवान पहले ही बाइक नहीं देने की बात कह चुका था. इसी बात को लेकर गजाला, उसके देवर और पति के बीच कहासुनी हुई. कुछ देर बाद गजाला का शव घर में फंदे से लटका मिला.
एफएसएल टीम ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
घटना की सूचना मिलते ही शिकारपुर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कराया तथा एफएसएल टीम ने भी मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए.
थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है.
घर में सास और देवर थे मौजूद
ग्रामीणों के अनुसार घटना के समय मृतका का पति और ससुर मजदूरी के सिलसिले में दूसरे राज्य में थे. घर में उसकी सास घुना खातून और देवर नबी आलम मौजूद थे. पुलिस परिवार के सदस्यों और अन्य लोगों से पूछताछ कर घटना की परिस्थितियों की जांच कर रही है.
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों और घटना की वास्तविक परिस्थितियों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा.
