Bettiah News: अनुमंडलीय अस्पताल में तीन बेड की डायलिसिस सेवा शुरू होने पर पूर्व विधायक रश्मि वर्मा ने इसे क्षेत्र के मरीजों के लिए बड़ी राहत बताया. गुरुवार को अपने आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए उनके कार्यकाल में किए गए प्रयासों का परिणाम अब दिखाई देने लगा है.
उन्होंने कहा कि इस सुविधा के शुरू होने से किडनी रोगियों को इलाज के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा.
अपने प्रयासों का किया जिक्र
रश्मि वर्मा ने बताया कि 25 अप्रैल 2026 को उन्होंने अस्पताल प्रशासन से डायलिसिस यूनिट के लिए कक्ष उपलब्ध कराने का अनुरोध किया था.
इसके अलावा 8 दिसंबर 2025 को स्वास्थ्य विभाग के वरीय अधिकारियों से अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को लेकर भी पहल की थी.
रात में भी डायलिसिस सेवा शुरू कराने की मांग
पूर्व विधायक ने कहा कि उनकी कोशिश है कि मरीजों को केवल ओपीडी समय में ही नहीं, बल्कि रात्रि के समय भी डायलिसिस की सुविधा उपलब्ध हो.
उन्होंने कहा कि इस संबंध में वह स्वास्थ्य विभाग और संबंधित अधिकारियों के संपर्क में हैं, ताकि सेवा का और विस्तार हो सके.
बिजली और स्वास्थ्य सुविधाओं पर भी दिया जोर
रश्मि वर्मा ने कहा कि नरकटियागंज नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित कराने के लिए भी उन्होंने लगातार पहल की है.
उन्होंने कहा कि आगे भी क्षेत्र के विकास और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए सक्रिय रहकर काम करती रहेंगी.
मरीजों को बाहर जाने की जरूरत होगी कम
पूर्व विधायक ने विश्वास जताया कि अस्पताल में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होने से स्थानीय मरीजों को इलाज के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा.
