बेतिया नगर निगम में बढ़ा विवाद, आरोपों और जवाबी दावों के बीच जांच पर टिकी निगाहें

बेतिया नगर निगम में कर संग्राहक जुलुम साह को लेकर विवाद गहरा गया है. उप महापौर ने नियुक्ति प्रक्रिया, सेवा अभिलेख और वित्तीय मामलों में गंभीर अनियमितताओं के आरोप लगाए हैं. वहीं कर संग्राहक ने सभी आरोपों को निराधार बताया है.

Bettiah Nagar Nigam: बेतिया नगर निगम में कर संग्राहक जुलुम साह को लेकर विवाद गहरा गया है. नगर निगम की उप महापौर गायत्री देवी ने नगर आयुक्त को पत्र लिखकर नियुक्ति प्रक्रिया, सेवा अभिलेख और वित्तीय मामलों में कथित अनियमितताओं के गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की मांग की है. वहीं कर संग्राहक ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए अपना पक्ष रखा है.

नियुक्ति और सेवा अभिलेख में गड़बड़ी का आरोप

उप महापौर ने अपने पत्र में आरोप लगाया है कि अनुकंपा के आधार पर हुई नियुक्ति के दौरान सेवा अभिलेखों में अनियमितता की गई. उन्होंने दावा किया कि जन्मतिथि में कथित हेरफेर कर उम्र कम दर्शाई गई, जिससे सेवा अवधि और सेवानिवृत्ति से जुड़े लाभ प्रभावित हुए.

वित्तीय अनियमितताओं का भी लगाया आरोप

पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि मीना बाजार की सेरात वसूली से संबंधित करीब पांच लाख रुपये नगर परिषद के खाते में जमा नहीं किए गए. इसके अलावा वर्ष 2016-17 में दैनिक कर्मियों के पारिश्रमिक भुगतान के लिए दिए गए 23 लाख रुपये के अग्रिम का भी पूरा हिसाब नहीं देने का आरोप लगाया गया है.

उप महापौर ने कर वसूली से संबंधित रसीद बही, ऑडिट रिपोर्ट और वसूली राशि की जांच कराने के साथ ही पूरे मामले की जांच के लिए उच्चस्तरीय समिति गठित करने की मांग की है.

कर संग्राहक ने आरोपों को बताया निराधार

कर संग्राहक जुलुम साह ने सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया है. उनका कहना है कि उप महापौर के बेटे की ओर से ईंधन मद में प्रतिदिन 140 लीटर डीजल की मांग की जाती थी. मांग पूरी नहीं करने के कारण उनके खिलाफ इस तरह के आरोप लगाए जा रहे हैं. उन्होंने बताया कि इस संबंध में नगर आयुक्त को लिखित शिकायत भी दी गई है.

जांच के बाद ही होगी स्थिति स्पष्ट

फिलहाल मामले में दोनों पक्षों ने अपने-अपने दावे किए हैं. आरोपों की आधिकारिक पुष्टि या खंडन जांच के बाद ही हो सकेगा. अब निगाहें नगर आयुक्त के अगले कदम और संभावित जांच प्रक्रिया पर टिकी हैं.

यह भी पढ़ें: पश्चिम चंपारण में निकली शिक्षक भर्ती, 8000 तक मिलेगा मानदेय, जानें पूरी डिटेल


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

गणेश ने अपनी पत्रकारिता यात्रा की शुरुआत 2014 में गोरखपुर स्थित हिंदुस्तान अखबार से की। तब से लगातार मुख्यधारा मीडिया में सक्रिय रहकर उन्होंने रिपोर्टिंग से लेकर संपादकीय दायित्वों तक का अनुभव हासिल किया है। फिलहाल वे प्रभात खबर से जुड़े हैं और पश्चिम चम्पारण जिले में बतौर ब्यूरो चीफ कार्यरत हैं।

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >