Bettiah: 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को पश्चिम चम्पारण के छह व्यवसायियों को कर संग्रहण में महत्वपूर्ण योगदान और उत्कृष्ट कार्य के लिए भामाशाह सम्मान से सम्मानित किया गया. जिले के मुख्य समारोह में रमना मैदान के मंच से अनुसूचित जाति-जनजाति कल्याण मंत्री सह पश्चिम चम्पारण के प्रभारी मंत्री लखेन्द्र पासवान ने चयनित व्यवसायियों को पुरस्कार प्रदान किया.
उल्लेखनीय योगदान पर मिलता है सम्मान
वाणिज्य-कर विभाग की ओर से कर संग्रहण में उल्लेखनीय योगदान देने वाले गैर-कॉरपोरेट व्यवसायियों को अंचलवार भामाशाह सम्मान दिया जाता है. इसी क्रम में बेतिया और बगहा अंचल से तीन-तीन व्यवसायियों का चयन किया गया. सम्मान पाने वाले व्यवसायियों में बेतिया अंचल से मॉडर्न ऑटो एजेंसी प्रथम, मॉडर्न ऑटोमोटिव द्वितीय रहे. पुरस्कार वितरण के दौरान मॉडर्न ऑटो एजेंसी की पार्टनर रेनु देवी गोयनका ने प्रथम पुरस्कार तथा मॉडर्न ऑटोमोटिव के पार्टनर विधान गोयनका ने द्वितीय पुरस्कार ग्रहण किया.
लगातार दूसरे साल शीर्ष दो स्थानों पर कब्जा
भामाशाह सम्मान में मॉडर्न ऑटो एजेंसी और मॉडर्न ऑटोमोटिव की लगातार दूसरी बार दोहरी सफलता खास रही. दोनों प्रतिष्ठानों ने पिछले वर्ष भी क्रमशः प्रथम और द्वितीय स्थान हासिल किया था. इस वर्ष भी दोनों ने अपने स्थान बरकरार रखते हुए प्रथम और द्वितीय पुरस्कार प्राप्त किया. लगातार दो वर्षों तक शीर्ष दो स्थानों पर बने रहना दोनों प्रतिष्ठानों के बेहतर कर अनुपालन, कार्यशैली और व्यावसायिक प्रतिबद्धता को दर्शाता है. प्रतिष्ठान प्रबंधन ने इस उपलब्धि का श्रेय पूरी टीम की मेहनत, समर्पण और बेहतर कार्यशैली को दिया.
ये व्यवसायी हुए सम्मानित
बेतिया अंचल : मॉडर्न ऑटो एजेंसी प्रथम, मॉडर्न ऑटोमोटिव द्वितीय और चम्पारण ऑटोमोबाइल्स तृतीय.
बगहा अंचल : मां विद्यावासिनी कंस्ट्रक्शन प्रथम, मां दुर्गा ट्रेडर्स द्वितीय और आदित्य कुमार तिवारी तृतीय.
सांसद-विधायक समेत कई गणमान्य रहे मौजूद
समारोह में बेतिया सांसद डॉ. संजय जायसवाल, विधायक रेणु देवी, डीआईजी, जिला पदाधिकारी, उप विकास आयुक्त समेत कई पदाधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे.
