बेतिया न्यूज: बेतिया. जिला के प्रतिष्ठित महारानी जानकी कुंवर स्नातकोत्तर महाविद्यालय के भूगोल विभाग के मेधावी छात्र बृजेश कुमार मिश्रा ने यूजीसी नेट परीक्षा क्वालीफाई कर महाविद्यालय का नाम रोशन किया है. नेट क्वालीफाई करने के साथ ही उन्होंने असिस्टेंट प्रोफेसर बनने की योग्यता हासिल कर ली है. उनकी इस उपलब्धि से महाविद्यालय के शिक्षकों और विद्यार्थियों में खुशी का माहौल है.
महाविद्यालय प्रशासन ने दी बधाई, जताया हर्ष
बृजेश की सफलता को महाविद्यालय प्रशासन ने संस्थान की शैक्षणिक गुणवत्ता और शिक्षकों के मार्गदर्शन का प्रमाण बताया है. उपलब्धि पर प्राचार्य प्रो. (डॉ.) नवल किशोर बैठा, बर्सर सह भूगोल विभाग के वरीय प्राध्यापक डॉ. योगेन्द्र सम्यक, विभागाध्यक्ष डॉ. तृप्ति कुमारी और डॉ. बरखा चपलोत ने बृजेश कुमार मिश्रा को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
बृजेश की सफलता से अन्य छात्रों को मिलेगी प्रेरणा
प्राचार्य प्रो. नवल किशोर बैठा ने कहा कि बृजेश ने यूजीसी नेट जैसी राष्ट्रीय स्तर की कठिन परीक्षा में सफलता हासिल कर कॉलेज का नाम रोशन किया है. उनकी सफलता से महाविद्यालय प्रशासन और भूगोल विभाग गौरवान्वित है. उन्होंने कहा कि बृजेश की उपलब्धि कॉलेज के अन्य विद्यार्थियों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगी.
नियमित अध्ययन और शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया श्रेय
बृजेश कुमार मिश्रा ने अपनी सफलता का श्रेय महाविद्यालय के प्राध्यापकों के निरंतर मार्गदर्शन और नियमित अध्ययन को दिया. उन्होंने कहा कि लक्ष्य के प्रति निरंतर मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन से कठिन परीक्षा में भी सफलता हासिल की जा सकती है.
