भितहा में भूमिहीन परिवारों को मिला जमीन का अधिकार, 31 लाभुकों के बीच बांटे गये पर्चे

भितहा में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 31 भूमिहीन परिवारों को जमीन का पट्टा वितरित किया गया। इस पहल से अब इन परिवारों के लिए सरकारी योजनाओं का लाभ उठाना आसान हो जाएगा, जिससे उनके जीवन स्तर में सुधार की उम्मीद है।

Bhitaha News: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बिहार सरकार के निर्देश के आलोक में राजस्व विभाग की ओर से शनिवार को भूमिहीन परिवारों के बीच जमीन के पर्चे का वितरण किया गया. प्रखंड में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 31 भूमिहीन लाभुकों को जमीन का पर्चा सौंपा गया. पर्चा मिलने के बाद लाभुकों के चेहरे पर खुशी नजर आयी.

जमीन मिलने से सरकारी योजनाओं का लाभ लेना होगा आसान

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बीडीओ कुमार प्रशांत ने कहा कि भूमिहीन परिवारों को जमीन मिलने के बाद उन्हें सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने में सुविधा होगी. इनमें प्रधानमंत्री आवास योजना, राशन कार्ड तथा निवास, जाति एवं आय प्रमाणपत्र बनवाने सहित अन्य सरकारी सुविधाएं शामिल हैं.

अब तक 400 भूमिहीन परिवारों को मिला पर्चा

सीओ अमरदीप कुमार ने बताया कि राजस्व विभाग के पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत भूमिहीन परिवारों के बीच जमीन के पर्चे का वितरण किया जा रहा है. भितहा अंचल में करीब 800 भूमिहीन परिवारों को पहले से चिह्नित किया गया है.

उन्होंने बताया कि अब तक करीब 400 परिवारों को जमीन का पर्चा दिया जा चुका है. शेष पात्र लाभुकों को भी आने वाले समय में पर्चा उपलब्ध कराया जाएगा. इसके अलावा छूटे हुए भूमिहीन परिवारों का सर्वे भी कराया जाएगा, ताकि पात्र परिवारों को जमीन का पर्चा दिया जा सके.

आवंटित जमीन दूसरे के नाम नहीं करें : राजस्व अधिकारी

राजस्व अधिकारी अमरेंद्र कुमार ने लाभुकों से कहा कि सरकार गरीब और भूमिहीन परिवारों के हित में महाअभियान चला रही है. लाभुक आवंटित जमीन का सदुपयोग करें और इसे किसी अन्य व्यक्ति को हस्तांतरित नहीं करें.

प्रखंड प्रमुख बिंदा देवी ने कहा कि यह खुशी की बात है कि भूमिहीन गरीब परिवारों को सरकार की ओर से जमीन का पट्टा उपलब्ध कराया जा रहा है. इससे लाभुक अपने परिवार के लिए आवास बनाकर बेहतर तरीके से जीवनयापन कर सकेंगे.

सरकारी जमीन पर बसे परिवारों के सर्वे की मांग

गंडक पार विधायक प्रतिनिधि सह पूर्व प्रमुख ललन कुशवाहा ने भूमिहीन परिवारों के लिए अभियान चलाने को लेकर बिहार सरकार और भितहा अंचल प्रशासन को बधाई दी.

वहीं प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि संजय निषाद ने मांग की कि सरकारी जमीन पर घर बनाकर रहने वाले वैसे परिवार, जिनके पास बसने के लिए अन्य कोई जमीन नहीं है, उनका भी सर्वे कराया जाए. उन्होंने ऐसे परिवारों को बंदोबस्ती बसेरा अभियान के तहत जमीन उपलब्ध कराने की मांग की.

कार्यक्रम में मुखिया संजय यादव, पूर्व प्रमुख तबरेज आलम, जिला पार्षद सुशील शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे. अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से चयनित सभी लाभुकों के बीच जमीन के पर्चे का वितरण किया.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Vikash kumar roy

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >