Bagaha News: एसपी कार्यालय में जनसुनवाई, भूमि विवाद और मारपीट के मामलों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश

बागाहा एसपी कार्यालय में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहाँ पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने आम लोगों की समस्याओं को सुना। भूमि विवाद और मारपीट जैसे मामलों पर त्वरित समाधान के निर्देश दिए गए।

Bagaha News: आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान और पुलिस-जनता के बीच विश्वास मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर गुरुवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने की.

जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिला और पुरुष फरियादी अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे. एसपी ने एक-एक आवेदन को गंभीरता से सुनते हुए कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण कराया, जबकि विस्तृत जांच की आवश्यकता वाले मामलों को संबंधित थानाध्यक्षों और अनुसंधानकर्ताओं को सौंपते हुए शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए.

भूमि विवाद और मारपीट के मामले सबसे अधिक

जनसुनवाई में सबसे अधिक आवेदन भूमि विवाद, मारपीट और आपसी विवाद से जुड़े मिले. इसके अलावा पुलिस कार्रवाई में देरी, लंबित मामलों के निष्पादन और अन्य प्रशासनिक शिकायतों से संबंधित आवेदन भी प्राप्त हुए.

एसपी ने सभी मामलों की अलग-अलग समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निष्पक्ष जांच कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

यह भी पढ़ें: रामगढ़वा थानाध्यक्ष राजीव कुमार साह निलंबित, डीआईजी ने की विभागीय कार्रवाई

लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी : एसपी

पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने कहा कि जन शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. प्रत्येक मामले की गंभीरता से जांच कर पीड़ितों को समय पर न्यायसंगत राहत उपलब्ध कराना पुलिस की प्राथमिकता है.

उन्होंने लंबित मामलों की नियमित समीक्षा कर शीघ्र निष्पादन का निर्देश देते हुए कहा कि शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखना सभी पुलिस अधिकारियों की जिम्मेदारी है.

पुलिस-जनता के बीच भरोसा बढ़ाने की पहल

एसपी ने कहा कि नियमित जनसुनवाई का उद्देश्य लोगों की समस्याओं को सीधे सुनना, उनका त्वरित समाधान करना और पुलिस तथा जनता के बीच विश्वास को और मजबूत बनाना है. उन्होंने लोगों से बिना किसी संकोच के अपनी शिकायतें पुलिस प्रशासन के समक्ष रखने की अपील की.

जनसुनवाई में पहुंचे फरियादियों ने पुलिस अधीक्षक के समक्ष सीधे अपनी बात रखने का अवसर मिलने पर संतोष जताया. पुलिस प्रशासन ने सभी आवेदनों पर प्राथमिकता के आधार पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Chandra prakash ar

Published by: Sarfaraz Ahmad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >